संगड़ाह : सिरमौर जिले के संगड़ाह उपमंडल की लाना-चेता पंचायत के घेवना गांव से रविवार से लापता चार वर्षीय आर्या का चौथे दिन भी कोई सुराग नहीं लग पाया है।
बच्ची की तलाश में ग्रामीणों के साथ प्रशासन और एनडीआरएफ की टीम ने संभावित स्थानों पर सर्च ऑपरेशन चलाया, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली है। एनडीआरएफ ने दो दिन की तलाश के बाद फिलहाल अपना रेस्क्यू ऑपरेशन रोक दिया है, जबकि स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान जारी रखा गया है।
जानकारी के अनुसार आर्या रविवार को अपने भाई और बहन के साथ घर के आसपास खेल रही थी। इसी दौरान उसके माता-पिता किसी काम से घर से बाहर गए थे। उनके लौटने तक बच्ची वहां नहीं थी। इसके बाद परिजनों ने आसपास तलाश शुरू की और ग्रामीणों को भी इसकी जानकारी दी गई।
बच्ची के लापता होने के बाद गांव के 200 से अधिक ग्रामीण लगातार उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। ग्रामीणों ने आसपास के जंगलों, रास्तों, खड्ड और अन्य संभावित स्थानों पर खोजबीन की, लेकिन अभी तक बच्ची का कोई पता नहीं चल पाया है।
मंगलवार और बुधवार को एनडीआरएफ की टीम ने भी सर्च ऑपरेशन चलाया। एनडीआरएफ टीम ने साथ लगती खड्ड और अन्य संभावित स्थानों पर तलाशी ली। टीम के संबंधित अधिकारी के अनुसार, दूसरे दिन भी बच्ची का कोई सुराग नहीं मिलने के बाद फिलहाल अभियान रोक दिया गया है।
एसडीएम संगड़ाह सुनील कायथ ने बताया कि एनडीआरएफ टीम ने संभावित स्थानों पर तलाशी लेने के बाद फिलहाल रेस्क्यू ऑपरेशन बंद किया है। प्रशासन की ओर से स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान जारी रखा गया है। उन्होंने कहा कि बच्ची की तलाश के लिए हर संभावित स्थान को खंगाला जा रहा है।
पंचायत प्रधान सुनील ठाकुर ने बताया कि रविवार से 200 से अधिक ग्रामीण लगातार बच्ची की तलाश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आर्या के मिलने तक ग्रामीणों का तलाशी अभियान जारी रहेगा।
प्रशासन की ओर से बच्ची की तलाश के लिए डॉग स्क्वायड भी बुलाया गया है। अब स्थानीय ग्रामीणों, प्रशासन और अन्य टीमों की मदद से संभावित स्थानों पर तलाशी जारी है।
