HomeHimachalSolan3 अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद, 2461 रुपये प्रति क्विंटल...

3 अक्टूबर से शुरू होगी धान की खरीद, 2461 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा MSP; किसान ऑनलाइन बुक कर सकेंगे टोकन

खरीफ सीजन 2026-27 के तहत सोलन जिले में धान की खरीद 3 अक्टूबर से शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया 15 दिसंबर, 2026 तक चलेगी।

सोलन : खरीफ सीजन 2026-27 के तहत सोलन जिले में धान की खरीद 3 अक्टूबर से शुरू होगी। खरीद प्रक्रिया 15 दिसंबर, 2026 तक चलेगी। किसान अपनी फसल बेचने के लिए ऑनलाइन पोर्टल एच.पी.ए.पी.पी.पी. पर पंजीकरण कर अपनी सुविधा के अनुसार टोकन बुक कर सकेंगे। यह जानकारी उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा ने दी।

उन्होंने बताया कि जिले में खरीफ फसल की खरीद के लिए शेड मलपुर बद्दी और मार्केट यार्ड नालागढ़ में खरीद केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसानों से इन्हीं केंद्रों पर धान की खरीद की जाएगी।

उपायुक्त ने कहा कि इस बार किसानों को एग्रीस्टैक की फार्मर रजिस्ट्री के माध्यम से ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा दी जा रही है। इसके तहत किसान का व्यक्तिगत और भूमि संबंधी डाटा फार्मर रजिस्ट्री से ऑनलाइन लिया जाएगा। इसके लिए पटवारी से भूमि सत्यापन करवाने की आवश्यकता नहीं होगी। हालांकि, बैंक खाते से संबंधित पूरी जानकारी किसानों को पहले की तरह स्वयं भरनी होगी।

ये भी पढ़ें:  CCTNS रैंकिंग में सिरमौर पुलिस लगातार दूसरी बार टॉप पर

उन्होंने बताया कि जो किसान एग्रीस्टैक में पंजीकृत नहीं हैं, उन्हें एच.पी.ए.पी.पी.पी. पोर्टल पर स्वयं पंजीकरण कर अपनी पूरी जानकारी दर्ज करनी होगी। ऐसे किसानों की भूमि का ऑनलाइन सत्यापन पटवारी द्वारा किया जाएगा, जबकि उपज की एंट्री कृषि अधिकारी द्वारा ऑनलाइन की जाएगी।

मनमोहन शर्मा ने बताया कि खरीफ सीजन 2026-27 के लिए केंद्र सरकार ने धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य 2,461 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित किया है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे निर्धारित खरीद केंद्रों पर अपनी धान की फसल बेचकर न्यूनतम समर्थन मूल्य का लाभ उठाएं।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में दर्दनाक हादसाः 300 फीट गहरी खाई में गिरी कार, तीन महिलाओं समेत चार की मौत; एक गंभीर

Latest Articles

Explore More