होमHimachalSirmaurहाटी ने रिश्ता जोड़ा है तो हम भी पूरी शिद्दत के साथ...

हाटी ने रिश्ता जोड़ा है तो हम भी पूरी शिद्दत के साथ निभाएंगे, शिलाई में जयराम ठाकुर ने घेरी सुक्खू सरकार

शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर विकास कार्य रोकने, संस्थान बंद करने, कर्ज बढ़ाने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए।

शिलाई : शिलाई विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों के सम्मेलन को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर विकास कार्य रोकने, संस्थान बंद करने, कर्ज बढ़ाने और भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सरकार भले ही कांग्रेस की है, लेकिन जनता के जहन में आज भी भाजपा सरकार के कार्यकाल में शुरू हुई विकास योजनाओं का ही जिक्र होता है।

वर्तमान सुक्खू सरकार ने साढ़े तीन साल के कार्यकाल में कोई नई योजना बनाई ही नहीं, ऐसे में जनता भला क्या याद रखेगी। हम सत्ता में हैं या नहीं यह महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि लोगों के दिलों में रहना बड़ी बात है। जब हाटी ने रिश्ता जोड़ लिया है तो हम उसे पूरी शिद्दत से निभाएंगे।

जयराम ठाकुर ने आरोप लगाया कि प्रदेश की सुक्खू सरकार काम करने के लिए नहीं, बल्कि बदले की भावना से विकास कार्यों को बंद करने और तालाबंदी करने के लिए जानी जा रही है। सरकार ने बजट प्रावधान और जनता की मांग पर खोले गए लगभग ढाई हजार शैक्षणिक व प्रशासनिक संस्थानों को ताले लटका दिए, क्योंकि मुख्यमंत्री को लगता है कि जब सत्ता में वापस लौटना ही नहीं है तो विकास क्यों कराया जाए।

ये भी पढ़ें:  चंबा में उपायुक्त का औचक निरीक्षण, तीन विभागों के कार्यालयों की कार्यप्रणाली परखी; पुराने रिकॉर्ड जल्द निपटाने के निर्देश

उन्होंने कहा कि हाल ही में संपन्न हुए पंचायतीराज और स्थानीय निकाय चुनावों में मुख्यमंत्री सुक्खू केवल भाजपा के गुट गिनते रह गए, जबकि भाजपा ने अपनी विचारधारा के 80 प्रतिशत जनप्रतिनिधियों को जीत दिलाई और 11 में से 10 जिला परिषदों व तीन नगर निगमों पर परचम लहराया।

कांग्रेस की अंदरूनी कलह पर तंज कसते हुए उन्होंने दावा किया कि चुनाव में मिली करारी हार के बाद कांग्रेस हाईकमान खड़गे और राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री की क्लास ली, जिसमें अपनी विफलता छिपाने के लिए सुक्खू ने मंत्रियों पर कसूर मढ़ा, लेकिन मंत्रियों ने सीधे मुख्यमंत्री को हार का जिम्मेदार ठहराकर उन्हें पद से हटाने तक की सिफारिश कर दी है।

ये भी पढ़ें:  कड़छम डैम के पास ट्रक-ऑल्टो की आमने-सामने टक्कर, एक की मौत; 3 गंभीर घायल

उन्होंने कहा कि किशाऊ परियोजना छह राज्यों की सहमति से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हस्तक्षेप के बाद पूरी हुई, लेकिन सुक्खू जी बिना वजह अपना गुणगान कर रहे हैं। कर्ज के आंकड़ों पर स्थिति स्पष्ट करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि उनके पूरे कार्यकाल में मात्र 19,600 करोड़ रुपये का ऋण लिया गया था, जिससे लगातार विकास कार्य हुए, लेकिन सुक्खू सरकार ने साढ़े तीन साल में ही 50,000 करोड़ रुपये का नया ऋण लेकर प्रदेश का कुल कर्ज 69,600 करोड़ से सीधे 1 लाख 20 हजार करोड़ रुपये पहुंचा दिया है, फिर भी जमीन पर कोई विकास नजर नहीं आ रहा।

शिलाई की जनता को संबोधित करते हुए उन्होंने हाटी समुदाय को ट्राइबल का दर्जा दिलाने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई और कहा कि पूर्व विधायक बलदेव तोमर की मेहनत बेकार नहीं जाएगी तथा साजिश रचने वालों को जनता सबक सिखाएगी। पूर्व विधायक बलदेव तोमर की अगुवाई में हुए भव्य स्वागत और “हाटी का मामा जयराम ठाकुर” के नारों का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि हम ठेठ पहाड़ी हैं और जो रिश्ता एक बार दिल से जोड़ लेते हैं, उसे जी-जान से निभाते हैं।

ये भी पढ़ें:  नाहन कॉलेज को हिमाचल विश्वविद्यालय के युवा महोत्सव ग्रुप-1 की मेजबानी, 13 से होगा आगाज

इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप, पूर्व विधायक बलदेव तोमर, जिला परिषद अध्यक्ष शिवानी वर्मा, उपाध्यक्ष बलदेव भंडारी, नारायण सिंह और दलीप सहित अनेक गणमान्य नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More