शिमला : वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश की नवनिर्वाचित राज्य कार्यकारिणी ने राज्य अध्यक्ष दिनेश शर्मा के नेतृत्व में प्रधान मुख्य अरण्यपाल एवं वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला से मुलाकात की। इस दौरान महासंघ ने वन कर्मचारियों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों को उठाते हुए उनके समाधान की मांग की।
बैठक में महासंघ के पदाधिकारियों ने वन बल प्रमुख को महासंघ के चुनाव और नई राज्य कार्यकारिणी के गठन की जानकारी दी। साथ ही आगामी कार्ययोजना पर चर्चा करते हुए पदोन्नत वन खंड अधिकारियों की जल्द पोस्टिंग, स्थानांतरण नीति में बदलाव, वनरक्षक से वरिष्ठ वनरक्षक पद पर पदोन्नति, फील्ड ड्रेस, वनरक्षकों की भर्ती और कैंटीन सुविधा जैसे मुद्दे प्रमुखता से उठाए।
इस अवसर पर वन बल प्रमुख सुशील कुमार सिंगला ने वनरक्षकों और वन खंड अधिकारियों को अपने-अपने कार्यक्षेत्र में रहकर जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के निर्देश दिए, ताकि वन सुरक्षा और संरक्षण के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने विशेष रूप से उन क्षेत्रों में कर्मचारियों के लिए सरकारी आवासों की व्यवस्था करने पर जोर दिया, जहां आवास उपलब्ध नहीं हैं या मौजूदा आवासों की स्थिति ठीक नहीं है।
उन्होंने निर्देश दिए कि नए आवासों के निर्माण तथा पुराने आवासों की मरम्मत और सुधार से संबंधित आवश्यक मांगें 5 दिसंबर से पहले CAMPA की वार्षिक कार्ययोजना (APO) में शामिल करवाई जाएं, ताकि इनके लिए बजट का प्रावधान किया जा सके।
महासंघ की नवनिर्वाचित कार्यकारिणी ने वन बल प्रमुख का समय देने और सकारात्मक मार्गदर्शन के लिए आभार जताया। महासंघ ने उम्मीद जताई कि विभागीय नेतृत्व के सहयोग से कर्मचारियों की लंबित समस्याओं का समाधान होगा और कर्मचारी कल्याण के साथ वन सुरक्षा एवं संरक्षण के कार्यों को भी मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर वन अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ हिमाचल प्रदेश के महासचिव हंसराज शर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष नायब सिंह, संयुक्त सचिव संजीव शर्मा, प्रेस सचिव नाहन वन वृत्त सिद्धार्थ भारद्वाज और सदस्य प्रवीण शर्मा मौजूद रहे।
- ये भी पढ़ें : कड़ा-कृपाण पहनने पर अमृतधारी सिख युवकों को परीक्षा से वंचित करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण: गुरमीत सिंह
- ये भी पढ़ें : स्वास्थ्य सेवाओं में डिजिटल क्रांति की ओर हिमाचल, एचएमआईएस से एक क्लिक पर मिलेगी मरीज की पूरी जानकारी





