हिमाचल को नशामुक्त बनाने की दिशा में पहली वेब सीरीज ‘द व्हाइट ट्रुथ’ लांच

हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे के बीच युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने राज्य की पहली वेब सीरीज ‘द व्हाइट ट्रुथ’ लॉन्च की है।

0

शिमला : हिमाचल प्रदेश में नशे के बढ़ते खतरे के बीच युवाओं को इसके दुष्प्रभावों से जागरूक करने के उद्देश्य से हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति ने राज्य की पहली वेब सीरीज ‘द व्हाइट ट्रुथ’ लॉन्च की है। इस वेब सीरीज का शुभारंभ मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा जिले के परागपुर में किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नशामुक्त हिमाचल के लिए समिति द्वारा किए जा रहे प्रयास आने वाले समय में मील का पत्थर साबित होंगे।

हिमाचल ज्ञान विज्ञान समिति के राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर ने बताया कि ‘द व्हाइट ट्रुथ’ कुल सात एपिसोड की वेब सीरीज है, जो यूट्यूब और इंस्टाग्राम पर ज्ञानविज्ञान स्ट्रीम नाम से उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि पहला एपिसोड समिति के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी किया जा चुका है, जबकि अगला एपिसोड 15 दिन बाद प्रसारित किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  डीसी प्रियंका वर्मा के निर्देश : सिरमौर में 26 जनवरी को होगी विशेष ग्राम सभा बैठक

पुंडीर ने बताया कि यह वेब सीरीज समिति के युवा बचाओ अभियान की श्रृंखला में एक अहम कदम है। इससे पहले समिति जागरूकता शिविरों, प्रशिक्षण कार्यक्रमों और कला जत्था जैसे माध्यमों से नशे के खिलाफ समाज को जागरूक करती रही है। सोशल मीडिया के मौजूदा दौर में वेब सीरीज जैसे माध्यम लोगों तक प्रभावी तरीके से पहुंचने और नशे के खतरों को समझाने में कारगर साबित होंगे।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में समाज और कानून का नजरिया नशा करने वालों को केवल अपराधी मानने और दंडित करने तक सीमित है, जबकि नशे में फंसने के मूल कारणों, उससे बाहर निकालने के प्रयासों, उपचार और पुनर्वास जैसे पहलुओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया जा रहा। नशामुक्ति केंद्रों, पुनर्वास कार्यक्रमों, उपचार के लिए पर्याप्त ढांचे और प्रशिक्षित चिकित्सकों व मनोवैज्ञानिक परामर्शदाताओं की कमी के चलते नशे की गिरफ्त में आया युवा बाहर नहीं निकल पा रहा है। समिति ने इस पूरे ढांचे को मजबूत करने की मांग भी उठाई है।

ये भी पढ़ें:  कुल्लू मनाली जा रही गाड़ी के उड़े परखच्चे, एक की गई जान, 4 लोग घायल

इस अवसर पर समता की राष्ट्रीय संयोजिका सुमित्रा चंदेल, राज्य सचिव सत्यवान पुंडीर, वेब सीरीज के निदेशक सूर्यांश और अमित, लोक गायक कपिल शर्मा, उर्मिला राणा, डॉ. बी.एस. पंवार, प्रोमिला बसु, मंसा राम, संसार राणा, डॉ. रवि भूषण, जयंत शर्मा, देवेंद्र शर्मा, कमलेश, संजय चौधरी, विजय कुमार, दिनेश सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।