शिमला : हिमाचल प्रदेश में मार्च के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 28 से 31 मार्च के बीच प्रदेश में बारिश, आंधी, ओलावृष्टि और बर्फबारी को लेकर यलो अलर्ट जारी किया है। इसके साथ ही एक अप्रैल तक प्रदेश में मौसम खराब रहने का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में कई स्थानों पर गर्जन के साथ बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 28 मार्च से प्रदेश में तेज बारिश का क्रम शुरू होने की संभावना है, जो लगातार दो तीन दिन जारी रह सकता है।
हालांकि, वीरवार को प्रदेश के अधिकतर क्षेत्रों में दिनभर मौसम साफ रहा। मैदानों और पहाड़ी इलाकों में तेज धूप खिली, जिससे दिन का तापमान सामान्य बना रहा, लेकिन शाम होते ही आसमान में बादल घिरने लगे और कई स्थानों पर ठंडी हवाएं चलने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई। खासकर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का असर ज्यादा देखने को मिला।
बीते 24 घंटों के दौरान भी ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी दर्ज की गई है। गोंदला में 1.0 सेंटीमीटर हिमपात और कुकुमसेरी में 1.2 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। बारिश और बर्फबारी के कारण पहाड़ी क्षेत्रों में अभी भी कड़ाके की ठंड का असर बना हुआ है, जबकि मैदानी इलाकों में मौसम खुलने से तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने साफ किया है कि 28 से 31 मार्च के बीच प्रदेश में तेज बारिश के साथ आंधी, ओलावृष्टि और बर्फबारी की संभावना है। ऐसे में आगामी दिनों में मौसम के चलते लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ सकता है और सतर्क रहने की जरूरत है।



