भारतीय संगीत जगत को गहरा आघात पहुंचा है। दिग्गज गायिका आशा भोसले का 92 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक उन्होंने मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में अंतिम सांस ली, जहां शनिवार को तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें भर्ती कराया गया था। उनके निधन की खबर से फिल्म इंडस्ट्री और फैंस में शोक की लहर दौड़ गई है।
अस्पताल की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार, मल्टी-ऑर्गन फेलियर के कारण उनका निधन हुआ। डॉक्टर प्रतीत समदानी ने उनके निधन की पुष्टि की है। बीते दिन अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें अस्पताल लाया गया था और तब से उनका इलाज चल रहा था।
आशा भोसले के बेटे आनंद भोसले ने भी इस दुखद खबर की पुष्टि करते हुए बताया कि रविवार को उनका निधन हो गया। उन्होंने कहा कि सोमवार सुबह 11 बजे लोअर परेल स्थित कासा ग्रांडे में लोग उन्हें अंतिम श्रद्धांजलि दे सकेंगे। इसके बाद शाम चार बजे शिवाजी पार्क में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।
अपने लंबे और शानदार करिअर में आशा भोसले ने विभिन्न भाषाओं में हजारों गाने गाए और अपनी आवाज से कई पीढ़ियों को प्रभावित किया। उनके निधन के साथ ही भारतीय संगीत के एक स्वर्णिम अध्याय का अंत हो गया है। उनके निधन की खबर से देशभर में हर कोई दुखी है। उधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित दिग्गज नेताओं ने उनके निधन पर गहरा शोक प्रकट करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की है।
