चंद्रकांत पाराशर
होनोलूलू (हवाई): अमेरिका का 50वां राज्य हवाई अपने खूबसूरत समुद्री तटों, मनमोहक मौसम, समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और प्रकृति के प्रति गहरे लगाव के कारण दुनिया भर के सैलानियों की पहली पसंद बनता जा रहा है। यहां के समुद्री किनारे, पोलिनेशियन संस्कृति की आकर्षक प्रस्तुतियां और स्थानीय लोगों का पर्यावरण प्रेम पर्यटकों को बार-बार यहां आने का निमंत्रण देते प्रतीत होते हैं।
चंद्रकांत पाराशर ने अपने अमेरिका प्रवास के दौरान बताया कि हवाई अपने प्राचीन समुद्र तटों, सक्रिय ज्वालामुखियों और घने वर्षावनों के लिए विश्वभर में प्रसिद्ध है। संयुक्त राज्य अमेरिका के इस राज्य में आठ मुख्य द्वीप हैं, जिन्हें हवाइयन द्वीप कहा जाता है। इनमें सबसे बड़ा हवाई द्वीप है, जबकि ओअहू द्वीप सबसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों में शामिल है। राज्य की राजधानी होनोलूलू भी इसी द्वीप पर स्थित है।
हवाई घूमने के लिए मध्य अप्रैल से जून और सितंबर से दिसंबर का समय सबसे उपयुक्त माना जाता है। इस दौरान मौसम बेहद सुहावना रहता है और पर्यटकों की भीड़ भी अपेक्षाकृत कम होती है।
होनोलूलू का प्रसिद्ध वाइकीकी बीच (Waikiki Beach) सर्फिंग, धूप सेकने और शाम की सैर के लिए दुनिया के बेहतरीन समुद्र तटों में गिना जाता है। इसी के किनारे अपनी उत्कृष्ट सुविधाओं के लिए प्रसिद्ध शेराटन वाइकीकी बीच रिसॉर्ट भी स्थित है। वहीं, डायमंड हेड (Diamond Head) स्टेट मॉन्यूमेंट एक विशाल ज्वालामुखीय क्रेटर (Volcanic Crater) है, जहां तक ट्रेकिंग करके वाइकीकी और प्रशांत महासागर का अद्भुत दृश्य देखा जा सकता है।
हवाई का ऐतिहासिक महत्व भी कम नहीं है। द्वितीय विश्व युद्ध की यादों को संजोए पर्ल हार्बर (Pearl Harbor) नेशनल मेमोरियल यहां आने वाले हर पर्यटक के लिए आकर्षण का प्रमुख केंद्र है। यहां युद्ध के शहीदों को समर्पित यूएसएस एरिजोना मेमोरियल (USS Arizona Memorial) स्थित है।
हवाई हर आगंतुक पर एक गहरा और अविस्मरणीय प्रभाव छोड़ता है, जिसे यहां की स्थानीय भाषा में ‘अलोहा स्पिरिट’ (Aloha Sprit) कहा जाता है। यह केवल एक पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि मानसिक शांति, आत्मिक जुड़ाव और प्रकृति के प्रति सम्मान का अनूठा अनुभव प्रदान करता है।
हवाई के निवासी अपनी धरती मां, जिसे वे ‘एना’ कहते हैं, से बेहद प्रेम करते हैं। उनकी यह भावना हर पर्यटक के भीतर भी पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता और प्रेरणा का संचार करती है।
अमेरिका का हिस्सा होने के बावजूद हवाई एक अलग और विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान रखता है। यहां का हुला डांस, उकुलेले संगीत और पारंपरिक पोलिनेशियन इतिहास पर्यटकों के मन पर गहरी छाप छोड़ता है। एशियाई, अमेरिकी और स्थानीय हवाईयन संस्कृतियों का ऐसा खूबसूरत संगम दुनिया के बहुत कम स्थानों पर देखने को मिलता है। यही वजह है कि यहां पहुंचने वाला हर सैलानी हवाई की सुरमयी और सुगंधित हवाओं में खुद को झूमता हुआ महसूस करता है।