HomeNationalCBSE 10वीं का परिणाम घोषित, 93.66 फीसदी छात्र उत्तीर्ण, लड़कियों ने मारी...

CBSE 10वीं का परिणाम घोषित, 93.66 फीसदी छात्र उत्तीर्ण, लड़कियों ने मारी बाजी, यहां चेक करें स्कोर

परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और www.digilocker.gov.in पर देख सकते हैं।

शिमला : केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) ने 12वीं कक्षा के बाद 10वीं कक्षा की बोर्ड परीक्षाओं का परिणाम भी जारी कर दिया है। इस वर्ष 10वीं की परीक्षा में कुल 93.66 फीसदी विद्यार्थी सफल रहे हैं, जो पिछले वर्ष के मुकाबले मामूली रूप से 0.06 फीसदी अधिक है।

परीक्षा में शामिल हुए छात्र अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट results.cbse.nic.in और www.digilocker.gov.in पर देख सकते हैं। इस वर्ष देशभर में 23,85,079 छात्रों ने 10वीं की परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था, जिसमें से 23,71,939 विद्यार्थी परीक्षा में उपस्थित हुए और इनमें से 22,21,636 छात्रों ने सफलता प्राप्त की है।

ये भी पढ़ें:  स्टाफ नर्सों को उच्च शिक्षा के दौरान मिलेगा पूरा वेतन, आउटसोर्स नियुक्तियों को लेकर CM सुक्खू ने कही ये बड़ी बात

सीबीएसई की 10वीं की परीक्षाओं में लड़कियों ने लड़कों से बेहतर प्रदर्शन किया है। इस वर्ष 95 फीसदी छात्राएं उत्तीर्ण हुई हैं, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 92.63 रहा। इस प्रकार लड़कियों का परिणाम लड़कों के मुकाबले 2.37 फीसदी अधिक रहा।

गौरतलब है कि सीबीएसई ने आज सुबह ही 12वीं कक्षा का परिणाम घोषित कर दिया था, जिसमें कुल 88.39 प्रतिशत विद्यार्थी सफल रहे थे, जो पिछले वर्ष की तुलना में 0.41 प्रतिशत की मामूली वृद्धि दर्शाता है।

12वीं कक्षा के परिणामों में भी लड़कियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए 91 प्रतिशत का पास प्रतिशत दर्ज किया, जबकि लड़कों का पास प्रतिशत 85.06 रहा था। 12वीं में कुल 1,11,544 छात्रों ने 90 प्रतिशत से अधिक और 24,867 छात्रों ने 95 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त किए हैं। जबकि 1.29 लाख से अधिक छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में बनेगी 'स्टेट न्यूट्रिशन पॉलिसी', गुणवत्ता जांच के लिए जिला स्तर पर खुलेंगी लैब: मुख्यमंत्री

सीबीएसई ने इस वर्ष भी अपनी पुरानी नीति को जारी रखते हुए टॉपरों की कोई आधिकारिक सूची जारी नहीं की है। बोर्ड ने कुछ साल पहले अस्वास्थ्यकर प्रतिस्पर्धा को कम करने के उद्देश्य से मेरिट सूची जारी करना बंद कर दिया था और सभी संबद्ध विद्यालयों तथा शैक्षणिक संस्थानों को भी किसी भी छात्र को स्कूल या जिले स्तर पर टॉपर घोषित न करने के निर्देश दिए हैं। छात्र अपना विस्तृत परिणाम आधिकारिक वेबसाइट cbseresults.nic.in पर लॉग इन करके डाउनलोड कर सकते हैं।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More