HomePolitics'चूल्हे से लेकर चौक' तक कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करें महिलाएं...

‘चूल्हे से लेकर चौक’ तक कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करें महिलाएं : डा. बिंदल

बिंदल ने कहा कि भाजपा संगठन द्वारा हर बूथ को मजबूत करने के कार्य को किया जा रहा है और इस कार्य में महिला कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। हर बूथ में 10 महिला कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए नियुक्त किया जा रहा है।

नाहन : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिंदल ने भाजपा महिला मोर्चा की सदस्यों एवं पदाधिकारियों से कहा कि सभी महिलाओं को ‘चूल्हे से लेकर चौक’ तक प्रदेश की कांग्रेस सरकार की नाकामियों को उजागर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि हिमाचल की कांग्रेस सरकार ने प्रदेश की 28 लाख से अधिक महिलाओं को 1500 रुपये मासिक पेंशन देने की झूठी गारंटी देकर ठगा है और उनके साथ विश्वासघात किया है।

डा. राजीव बिंदल गुरूवार को नाहन में जिला सिरमौर भाजपा महिला मोर्चा की परिचयात्मक बैठक में बतौर मुख्य अतिथि महिला प्रतिनिधियों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस ने चुनाव जीतने के लिए जो 10 गारंटियां दी थी, उसे पूरा करने में कांग्रेस सरकार पूरी तरह नाकाम रही है। उन्होंने कहा कि लगभग सभी दस की दस गारंटियां महिलाओं को प्रभावित करने वाली हैं। फिर चाहे वह 1500 रुपये पेंशन का मामला हो। 100 रुपए लीटर दूध या फिर दो रुपये किलो गोबर खरीदने की झूठी गारंटी हो। इसी तरह एक साल में एक लाख बेरोजगारों को रोजगार देने की गारंटी भी महिलाओं के जीवन को प्रभावित करती है।

ये भी पढ़ें:  सैनधार की इस महिला किसान से मिलिए, कड़ा संघर्ष इनकी कहानी, कैंसर हराया, प्रगतिशील किसान के तौर पर बनाई अपनी पहचान

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव में प्रदेश से कांग्रेस सरकार को विदा करने में महिलाओं का बड़ा योगदान रहेगा, क्योंकि महिला वर्ग कांग्रेस की जनविरोधी नीतियों से त्रस्त है और महिलाएं कांग्रेस सरकार को उखाड़ फैंकने के लिए संकल्पबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा संगठन को मजबूती प्रदान करने में महिला मोर्चा का विशेष योगदान है।

बिंदल ने कहा कि भाजपा संगठन द्वारा हर बूथ को मजबूत करने के कार्य को किया जा रहा है और इस कार्य में महिला कार्यकर्ताओं की अहम भूमिका है। हर बूथ में 10 महिला कार्यकर्ताओं को संगठन को मजबूती प्रदान करने के लिए नियुक्त किया जा रहा है। महिला मोर्चा से इस कार्य को निश्चित समायावधि में पूरा करने का आग्रह किया।

ये भी पढ़ें:  युवक से चिट्टा पकड़ा तो मौके पर छुड़ाने पहुंच गई गैंग, कार्रवाई के बीच डाला खलल, आरोपी सहित 4 गिरफ्तार

इस मौके पर भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्षा डेजी ठाकुर ने कहा कि महिला मोर्चा प्रदेशभर में बेहतरीन कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि महिला मोर्चा सदस्यों को मंडल स्तर पर माह में कम से कम पांच दिन प्रवास पर रह कर संगठन के लिए कार्य करना चाहिए। उन्होंने ‘एक बूथ 10 महिला योजना’ को जिला में शीघ्र शुरू करने के लिए भी कहा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आने वाले सभी चुनावों में महिला मोर्चा के सदस्यों की विशेष भूमिका रहेगी।

इस दौरान विधायक रीना कश्यप, जिला परिषद अध्यक्षा सीमा कन्याल, मधु बिंदल, महिला मोर्चा जिला अध्यक्ष शिवानी वर्मा, भाजपा जिला अध्यक्ष धीरज गुप्ता ने भी अपने विचार रखे। सिरमौर जिला एवं महिला मोर्चा मंडलों के पदाधिकारी, जिला एवं मंडल अध्यक्ष एवं पदाधिकारी, पार्षदगण, पंचायत प्रतिनिधि तथा अन्य सक्रिय सदस्य भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  HRTC अब बसों में ढोएगा कूरियर पार्सल, DTDC से समझौता
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More