भंगाणी स्कूल में बच्चों को बताए उनके अधिकार और कानून, चाइल्ड हेल्पलाइन सिरमौर ने लगाया जागरुकता शिविर

इस मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन सिरमौर के केस वर्कर राजेंद्र सिंह और करण ने बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनों से जुड़ी तमाम जानकारियों के बारे में बताया।

0

पांवटा साहिब : राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंगाणी में वीरवार को चाइल्ड हेल्पलाइन और बाल संरक्षण कानूनों की जानकारी देने के मकसद से जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस मौके पर चाइल्ड हेल्पलाइन सिरमौर के केस वर्कर राजेंद्र सिंह और करण ने बच्चों को उनके अधिकारों और कानूनों से जुड़ी तमाम जानकारियों के बारे में बताया।

इस दौरान केस वर्कर करण ने बच्चों को हेल्पलाइन के नंबर और सेवा के बारे में बताया। वहीं, केस वर्कर राजेंद्र सिंह ने बच्चों से संबंधित अधिकार और कर्तव्य के साथ साथ बच्चों के संरक्षण से संबंधित कानूनों जैसे- जेजे एक्ट 2015, पॉक्सो एक्ट 2012, अच्छा और बुरा स्पर्श, बाल विवाह कानून और आरटीई एक्ट इत्यादि के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की।

उन्होंने बच्चों को हेल्पलाइन के सही इस्तेमाल के बारे में बताया। साथ ही बच्चों को नशे के दुष्परिणामों से भी अवगत कराया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य राजीव शर्मा सहित 14 अध्यापकों के साथ साथ 170 लड़कियों और 143 लड़कों ने भाग लिया।