
चंबा : हिमाचल प्रदेश के जिला चंबा में बंजाल के पास एक टैक्सी गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में महिला समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो बच्चे घायल हुए हैं। हादसा सलूणी-गल-कुंड-पतरूमा सड़क पर हुआ।
जानकारी के अनुसार टैक्सी टिकरु से सलूणी की ओर आ रही थी। जैसे ही बंजाल के पास पहुंची तो अचानक अनियंत्रित होकर 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
दुर्घटना में चालक विशाल कुमार पुत्र चमारू राम निवासी गांव बंजाल, पंचायत खरल, तहसील सलूणी और निशा पत्नी अमर सिंह गांव खलोड़ी, पंचायत खरल, तहसील सलूणी की मौके पर मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चे घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास गांव के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े और राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची।
घायलों को नागरिक अस्पताल सलूणी ले जाया गया, जहां पर चिकित्सक ने चालक विशाल कुमार और निशा कुमारी को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र डियूर में शवों का पोस्टमार्टम करवाया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिए।
जिला प्रशासन की तरफ से मृतकों के परिजनों को 25000-25000 रुपए की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। उधर, पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। घायल बच्चों की हालत में सुधार बताया जा रहा है।






