HomeBreakingदृष्टिहीन महिला व बीमार पति की मदद को आगे आई शिरगुल जनसेवा...

दृष्टिहीन महिला व बीमार पति की मदद को आगे आई शिरगुल जनसेवा समिति, 11 हजार का चेक दिया, बच्चे की शिक्षा का उठाया बीड़ा

समिति का उद्देश्य जरूरतमंद, निराश्रित और लाचार लोगों की हरसंभव सहायता करना और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे व्यक्तियों को आर्थिक व नैतिक संबल प्रदान करना है।

राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ क्षेत्र के आराध्य देव शिरगुल महाराज के नाम पर गठित शिरगुल जनसेवा समिति ने उपमंडल पच्छाद के नारग क्षेत्र में एक अत्यंत दयनीय स्थिति से जूझ रहे परिवार की सहायता कर मानवता और करुणा की एक और मिसाल पेश की है।

समिति के अनुसार नारग क्षेत्र में एक दृष्टिहीन महिला, सांस की गंभीर बीमारी से पीड़ित उसके वृद्ध पति और उनके 8 वर्षीय बच्चे का परिवार आजीविका के किसी भी साधन के बिना कठिन परिस्थितियों में जीवन यापन कर रहा है।

परिवार के भरण पोषण के लिए वृद्ध पति को ही घर का सारा कार्यभार संभालना पड़ रहा है। इस परिवार की स्थिति की जानकारी मिलते ही समिति ने त्वरित निर्णय लेते हुए नगरकोटी माता मंदिर नारग परिसर में 11 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की।

ये भी पढ़ें:  CCTNS रैंकिंग में सिरमौर पुलिस लगातार दूसरी बार टॉप पर

साथ ही समिति के सचिव राजेंद्र सूद ने 8 वर्षीय बच्चे की जीवनपर्यंत शिक्षा का पूरा खर्च उठाने का संकल्प लेकर एक अनुकरणीय पहल की। इस दौरान समिति के सेवा कार्यों से प्रभावित होकर नारग क्षेत्र के लगभग एक दर्जन लोगों ने समिति की सदस्यता भी ग्रहण की।

समिति के फाउंडर सदस्य रविंद्र कंवर ने बताया कि शिरगुल जनसेवा समिति की स्थापना मानवता, सेवा और संवेदना के मूल्यों पर आधारित है। समिति का उद्देश्य जरूरतमंद, निराश्रित और लाचार लोगों की हरसंभव सहायता करना और गंभीर बीमारियों से जूझ रहे व्यक्तियों को आर्थिक व नैतिक संबल प्रदान करना है।

उन्होंने बताया कि इससे पूर्व भी समिति द्वारा कई जरूरतमंद परिवारों की सहायता की जा चुकी है। इसी वर्ष मंडी जिले में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान समिति ने एक लाख रुपए की सहायता प्रदान की थी। इसके अतिरिक्त आपदा में अपने मकान खो चुके दो परिवारों को 21-21 हजार रुपए की आर्थिक सहायता भी दी गई।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में 1133 SMC शिक्षकों का शिक्षा विभाग में विलय, शिक्षा निदेशालय ने जारी किए आदेश

वर्तमान में भी समिति द्वारा गंभीर बीमारियों से जूझ रहे कई लोगों को मासिक आर्थिक सहयोग प्रदान किया जा रहा है। समिति के लगभग 300 सदस्य नियमित मासिक चंदे के माध्यम से योगदान दे रहे हैं, जिससे जरूरतमंदों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सके।

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More