नाहन : 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने सिरमौर में संगठन को बूथ स्तर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। इसी कड़ी में विधायक अजय सोलंकी ने सुक्खू सरकार के कार्यकाल की उपलब्धियां गिनाते हुए शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन को केवल राजनीतिक नारा नहीं बनाया, बल्कि नीतिगत फैसलों के माध्यम से इसे जमीन पर उतारने का प्रयास किया है।
शुक्रवार को जिला कांग्रेस पार्टी के सिरमौर प्रभारी धर्मेंद्र धामी और जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार की मौजूदगी में आयोजित पत्रकार वार्ता में सोलंकी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने किसानों-बागवानों के हितों के साथ-साथ शिक्षा और स्वास्थ्य क्षेत्र में भी कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रदेश की व्यवस्था में ऐसे बदलाव करना है, जिनका लाभ आने वाले समय में आम लोगों को मिले।
सोलंकी ने शिक्षा विभाग का आंकड़ा रखते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के सत्ता में आने के समय प्रदेश में करीब 16,500 पद खाली थे, अब यह संख्या घटकर करीब 4,500 रह गई है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की भर्ती को आवश्यकता वाले विद्यालयों से जोड़कर उन संस्थानों को प्राथमिकता दी जा रही है, जहां वास्तव में शिक्षकों की जरूरत है। इससे सरकारी स्कूलों में शिक्षकों की उपलब्धता बेहतर करने में मदद मिलेगी।
स्वास्थ्य क्षेत्र को लेकर सोलंकी ने नाहन मेडिकल कॉलेज का जिक्र किया। उन्होंने आश्वस्त कि आगामी 15 दिनों में मेडिकल कॉलेज में चार रेडियोलॉजिस्ट की नियुक्ति की जाएगी। सरकार स्वास्थ्य संस्थानों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की दिशा में काम कर रही है।
सोलंकी ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और किसानों-बागवानों को विभिन्न फसलों पर समर्थन मूल्य उपलब्ध करवाने की दिशा में भी कदम उठाए हैं। सरकार ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के साथ आम परिवारों को आर्थिक राहत देने के लिए भी योजनाएं लागू कर रही है।
उन्होंने “अपना परिवार, सुखी परिवार” योजना का जिक्र करते हुए कहा कि इसके प्रथम चरण में करीब दो लाख परिवारों को 1,500 रुपये की सहायता शुरू की गई है। सोलंकी ने कहा कि सरकार द्वारा व्यवस्था में सुधार के लिए लिए गए कुछ फैसले तत्काल राजनीतिक रूप से कठोर नजर आ सकते हैं, लेकिन इनके दूरगामी परिणाम प्रदेश के हित में होंगे।
कांग्रेस सरकार ने विधानसभा चुनाव के दौरान जनता से किए गए वादों को चरणबद्ध तरीके से पूरा करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस कार्यकर्ता सरकार के काम और योजनाओं को लेकर बूथ स्तर तक जनता के बीच जाएंगे।
जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी ने कहा कि “बूथ-बूथ पर जाएंगे, कांग्रेस को मजबूत बनाएंगे” अभियान की शुरुआत श्री रेणुकाजी विधानसभा क्षेत्र से छह सितंबर को हो चुकी है। जोन अध्यक्ष, बूथ अध्यक्ष, पंचायत अध्यक्ष और नवगठित कार्यकारिणी के साथ बैठकें कर संगठन को जमीनी स्तर पर सक्रिय किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता से सीधा संवाद करेंगे।
पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने हिमाचल के वित्तीय अधिकारों, आपदा राहत और केंद्रीय सहायता के मुद्दे भी उठाए। आरडीजी अनुदान को लेकर केंद्र पर सवाल उठाते हुए नेताओं ने कहा कि इससे हिमाचल के करीब 10 हजार करोड़ रुपये प्रभावित हुए हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ओर से हिमाचल को 1,500 करोड़ रुपये देने के कथित आश्वासन का हवाला देते हुए पूछा कि यह राशि अब तक प्रदेश को क्यों नहीं मिली।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के साथ प्रदेश सरकार की उपलब्धियों और हिमाचल के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर पार्टी आने वाले महीनों में अभियान को और तेज करेगी।
प्रेस वार्ता में जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता रूपेंद्र ठाकुर, ब्लाक अध्यक्ष ज्ञान चौधरी, नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, पार्षद नरेंद्र तोमर, मीडिया प्रभारी मदन सूर्यवंशी, युवा कांग्रेस नेता सुमित तथा वरिष्ठ कांग्रेस नेता अनिल शर्मा उर्फ टिप्पू सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
