बिलासपुर रेल परियोजना: DC के कड़े निर्देश- हर श्रमिक का हो बीमा, सुरक्षा मानकों में न हो कोई ढिलाई

भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति एवं विभिन्न मुद्दों की समीक्षा को लेकर डीसी बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

0

बिलासपुर : भानुपल्ली-बिलासपुर-बैरी रेल परियोजना के निर्माण कार्य की प्रगति एवं विभिन्न मुद्दों की समीक्षा को लेकर डीसी बिलासपुर राहुल कुमार की अध्यक्षता में बचत भवन में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेल परियोजना से संबंधित विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक का संचालन एसडीएम बिलासपुर डाॅ. राजदीप सिंह ने किया और विभिन्न मुद्दों को चर्चा के लिए बैठक में रखा।

इस दौरान डीसी ने रेल परियोजना के निर्माण कार्य से जुड़ी सभी कंपनियों को निर्देश दिए कि उनके यहां कार्यरत प्रत्येक श्रमिक को अनिवार्य रूप से बीमा कवर प्रदान किया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में श्रमिकों के परिवार की आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि श्रमिकों की सुरक्षा जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ये भी पढ़ें:  छैला-यशवंत नगर सड़क की DPR केंद्र सरकार को भेजी, जल्द शुरू होगा काम: विक्रमादित्य

डीसी ने यह भी निर्देश दिए कि रेल परियोजना के निर्माण में जिन सड़कों का उपयोग निर्माण कंपनियों द्वारा किया जा रहा है, उनका समय-समय पर उचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि आम जनता एवं निर्माण कार्य से जुड़े वाहनों का आवागमन सुरक्षित बना रहे। इसके साथ ही निर्माण कंपनियों को निर्देश दिए गए कि वह सुरक्षा मानकों को लेकर समय-समय पर उठाए गए कदमों की जानकारी जिला प्रशासन को उपलब्ध करवाए और निर्माण कार्य में संलग्न कर्मियों से संबंधित अद्यतन डाटा भी साझा करें।

बैठक के दौरान रेल परियोजना से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तृत चर्चा करते हुए डीसी ने संबंधित विभागों को समयबद्ध एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में मुख्य प्रबंधक रेलवे विकास निगम लिमिटेड (आरवीएनएल) चंडीगढ़ प्रवीण सहाय ने अवगत करवाया कि परियोजना में सुरक्षा मानकों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। श्रमिकों को समय-समय पर सुरक्षा से संबंधित सावधानियों के साथ-साथ ‘ड्रिंक एंड ड्राइव’ के प्रति भी जागरूक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आरवीएनएल मासिक आधार पर सभी निर्माण कंपनियों से सुरक्षा मानकों से संबंधित रिपोर्ट मंगवाई जा रही है, जिसे त्रैमासिक आधार पर जिला प्रशासन के साथ भी साझा किया जाएगा।

ये भी पढ़ें:  आज का राशिफल: कुंभ राशि वाले रहें सावधान, ऐसे करें मां चंद्रघंटा की पूजा अर्चना

इसके अतिरिक्त परियोजना क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत, प्रकाश व्यवस्था तथा सेफ्टी ड्राइव को और अधिक प्रभावी बनाया जा रहा है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी एवं रेल परियोजना से जुड़ी विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।