HomeHimachalकाकड़ शिकार केस : पेड़ पर बैठकर मारी थी गोली, न्यायिक हिरासत...

काकड़ शिकार केस : पेड़ पर बैठकर मारी थी गोली, न्यायिक हिरासत में भेजा आरोपी, एसीएफ आदित्य शर्मा को जांच का जिम्मा

अभी तक की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुकड़ों के जंगल में जाकर पेड़ पर बैठकर काकड़ का शिकार किया था। गोली मारने के बाद उसने काकड़ को कंबल में लपेटा और कुछ दूरी पर साल के पत्तों में छिपाकर घर तक पहुंचाया।

पांवटा साहिब : जिला सिरमौर के पांवटा साहिब उपमंडल में प्रतिबंधित काकड़ शिकार मामले में वन विभाग की जांच जारी है। इस मामले में गिरफ्तार आरोपी को पहले तीन दिन की वन विभाग रिमांड पर रखा गया और इसके बाद न्यायालय ने उसे 10 फरवरी 2026 तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। वहीं, इस पूरे मामले की जांच की जिम्मेदारी एसीएफ पांवटा साहिब आदित्य शर्मा को सौंपी गई है। विभाग के अनुसार आरोपी अभी तक यह नहीं बता रहा कि वह काकड़ का मांस किन लोगों को बेचता था। लिहाजा, शिकार से जुड़े संभावित नेटवर्क की गहराई से जांच की जा रही है।

अभी तक की जांच में सामने आया कि आरोपी ने कुकड़ों के जंगल में जाकर पेड़ पर बैठकर काकड़ का शिकार किया था। गोली मारने के बाद उसने काकड़ को कंबल में लपेटा और कुछ दूरी पर साल के पत्तों में छिपाकर घर तक पहुंचाया। फिलहाल आरोपी पूछताछ में सहयोग नहीं कर रहा है और मांस की बिक्री से जुड़े लोगों के नाम उजागर नहीं कर रहा।

ये भी पढ़ें:  हिमाचल में IPS अधिकारियों के तबादले, इन चार जिलों के एसपी भी बदले, क्लिक पर पूरी डिटेल

जांच टीम को उसके घर के आंगन में भार तोलने वाली मशीन भी मिली, जिसमें भार तोल कर वह मांस भेजता था। यही नहीं इन्वेस्टिगेशन के दौरान प्लास्टिक के पैकेट भी मिले हैं। इससे साफ है कि आरोपी इन पैकेट्स में ही मांस की सप्लाई करता था।

गौरतलब है कि इस मामले में वन विभाग ने गुप्त सूचना के आधार पर ग्राम पंचायत अजोली के किशनकोट गांव में कार्रवाई करते हुए दर्शन लाल (47) को गिरफ्तार किया था। आरोपी के पास से वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की अनुसूची-1 में शामिल नॉदर्न रेड मुंटजैक का मांस, डबल बैरल राइफल, जिंदा कारतूस और मांस काटने के औजार बरामद किए गए थे। छापेमारी के दौरान आरोपी अपने घर में मांस के टुकड़े करते हुए पाया गया था, जिसे वह बेचने की फिराक में था। वन विभाग ने आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, धारा 2(16), धारा 49B और धारा 51 के तहत मामला दर्ज किया है।

ये भी पढ़ें:  VIDEO : सिरमौर में दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष, 4 घायल, महिलाओं की मची चीख पुकार, जानें क्या है पूरा मामला

एसीएफ आदित्य शर्मा ने बताया कि आरोपी को माननीय अदालत ने 10 फरवरी तक न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है। जांच के दौरान काकड़ की बॉडी से कारतूस के छर्रे भी बरामद हुए हैं। विभाग ये पता लगाने के प्रयास कर रहा है कि आरोपी किन किन लोगों को मांस बेचता था। इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं। इसी पहलू पर जांच को आगे बढ़ाया जा रहा है।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में चरस तस्कर को साढ़े 12 साल का कठोर कारावास, पढ़ें क्या है पूरा मामला
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More