HomeEducationशीतकालीन अवकाश के बाद खुले स्कूलों में पहले दिन शिक्षा उपनिदेशक की...

शीतकालीन अवकाश के बाद खुले स्कूलों में पहले दिन शिक्षा उपनिदेशक की दबिश, जेबीटी मिला अबसेंट, छात्र उपस्थिति भी कम

निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां तैनात एक जेबीटी ने प्रातःकालीन उपस्थिति दर्ज की थी, लेकिन वे विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने न तो अवकाश के लिए कोई आवेदन किया था और न ही किसी सरकारी कार्य संबंधी आदेश विद्यालय में उपलब्ध थे।

नाहन : शीतकालीन अवकाश के बाद गुरुवार को खुले स्कूलों का पहले दिन शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंट्री राजीव ठाकुर ने औचक निरीक्षण किया। वह राजगढ़ और नारग शिक्षा खंड के कई विद्यालयों में पहुंचे। निरीक्षण के दौरान स्कूलों में छात्र उपस्थिति कम पाई गई, जबकि एक स्कूल में तैनात जेबीटी उपस्थिति दर्ज करने के बावजूद विद्यालय में मौजूद नहीं मिले।

शिक्षा उपनिदेशक की टीम सबसे पहले शिक्षा खंड राजगढ़ की राजकीय प्राथमिक पाठशाला दुधम मतियाना और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला दुधम मतियाना पहुंची। निरीक्षण के दौरान प्राइमरी स्कूल में कुल 34 विद्यार्थियों में से 11 विद्यार्थी उपस्थित मिले, जबकि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में कक्षा छठी से बारहवीं तक कुल 91 विद्यार्थियों में से 28 विद्यार्थी ही उपस्थित पाए गए।

ये भी पढ़ें:  त्रिलोकपुर में बना रक्तदान का रिकॉर्ड, 144 यूनिट ब्लड एकत्रित, जोश और उत्साह के साथ उद्यमियों ने निभाया सामाजिक दायित्व

इसके बाद शिक्षा खंड नारग की राजकीय प्राथमिक पाठशाला मरयोग का निरीक्षण किया गया। इस विद्यालय में कुल 10 नामांकित विद्यार्थियों में से केवल 2 विद्यार्थी उपस्थित थे। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि यहां तैनात एक जेबीटी ने प्रातःकालीन उपस्थिति दर्ज की थी, लेकिन वे विद्यालय में उपस्थित नहीं थे। उन्होंने न तो अवकाश के लिए कोई आवेदन किया था और न ही किसी सरकारी कार्य संबंधी आदेश विद्यालय में उपलब्ध थे। इसके साथ साथ राजकीय प्राथमिक पाठशाला दाड़ों देवरिया का भी अधिकारी ने निरीक्षण किया, जहां कुल 36 विद्यार्थियों में से 19 विद्यार्थी उपस्थित मिले। इस पर उपनिदेशक ने स्कूल प्रबंधकों को जरूरी दिशा निर्देश जारी किए।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 10 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म! सदमे में परिजन, FIR दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी

शिक्षा उपनिदेशक एलीमेंट्री सिरमौर राजीव ठाकुर ने बताया कि जिन विद्यालयों का निरीक्षण किया गया, वे सभी शीतकालीन अवकाश वाले विद्यालय हैं और अवकाश के बाद गुरूवार को पहला कार्य दिवस था। उन्होंने बताया कि विभागीय आदेशानुसार ही यह निरीक्षण किया गया है। उन्होंने बताया कि स्कूल से नदारद मिले अध्यापक के विरुद्ध विभागीय अनुशासनात्मक कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। निरीक्षण का मुख्य उद्देश्य अध्यापकों को मार्गदर्शन देना था, ताकि शीतकालीन अवकाश के उपरांत विद्यार्थियों की उपस्थिति नियमित की जा सके। उन्होंने बताया कि विद्यालय प्रमुखों को निर्देश दिए गए हैं कि वे विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों को प्रेरित करें, जिससे सभी विद्यार्थी नियमित रूप से पाठशाला आना शुरू करें और पढ़ाई सुचारू रूप से संचालित हो सके।

ये भी पढ़ें:  लाइसेंसी खनन गतिविधियों की समय-सीमा में संशोधन, डीसी जतिन लाल ने अवैध खनन पर कड़ी निगरानी के दिए निर्देश
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More