चंबा : जिला प्रशासन और राष्ट्रीय जल विद्युत निगम (एनएचपीसी) की विद्युत परियोजना चमेरा चरण-3 के बीच जनहित से जुड़े दो महत्वपूर्ण कार्यों को लेकर समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित किए गए। डीसी मुकेश रेपसवाल ने जिला प्रशासन चंबा और राष्ट्रीय जल विद्युत निगम की ओर से परियोजना प्रमुख चमेरा चरण-3 टिकेश्वर प्रसाद ने समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर किए। विधायक नीरज नैय्यर इस दौरान विशेष रूप से उपस्थित रहे।

समझौता ज्ञापन के अनुसार निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व योजना के अंतर्गत राष्ट्रीय जल विद्युत निगम द्वारा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) चूड़ी में लगभग 32 लाख की लागत से एक अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन स्थापित की जाएगी। इस सुविधा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को स्थानीय स्तर पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलेगा। इसी तरह हस्ताक्षरित दूसरे समझौता ज्ञापन के तहत लगभग 3 लाख की राशि से विशेष रूप से सक्षम व्यक्तियों (स्पेशली एबल्ड) के लिए स्पोर्ट्स व्हीलचेयर और स्कूटी उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है।
जिला प्रशासन की इस पहल से स्वास्थ्य सुविधाओं को सुदृढ़ बनाने के साथ-साथ दिव्यांगजनों के सशक्तिकरण को भी बल मिलेगा। इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त अमित मेहरा, सहायक आयुक्त राहुल धीमान, जिला योजना अधिकारी जीवन कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी स्वास्थ्य डॉ. हरित पूरी व उप महाप्रबंधक एनएचपीसी प्रशांत त्रिवेदी उपस्थित रहे।



