HomeAccidentसिरमौर में बड़ा हादसा, करंट की चपेट में आने से 8 मवेशियों...

सिरमौर में बड़ा हादसा, करंट की चपेट में आने से 8 मवेशियों की मौत, बाल-बाल बचा पशुपालक का परिवार

नाहन|
जिला सिरमौर में वीरवार दोपहर बाद एक बड़ा हादसा सामने आया है, जहां करंट की चपेट में आने से 8 बेजुबान मवेशियों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य मवेशी घायल हुए हैं. गनीमत ये रही कि हादसे में पशुपालक का परिवार बाल-बाल बच गया. अन्यथा हादसा भयावह हो सकता था.

जिला की हरिपुरखोल पंचायत में यह हादसा विद्युत बोर्ड की एचटी लाइन टूटने से हुआ. इस घटना में करंट की चपेट में आने से मवेशियों की तड़प-तड़प कर मौत हो गई, जिसमें एक गाय, 2 कटड़ी और 5 भैंसें शामिल हैं. वहीं, अन्य 2 मवेशी घायल भी हुए हैं, जिनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है.

ये भी पढ़ें:  नाहन : सेन की सैर मोड़ पर दो कारों की भिड़ंत, बड़ा हादसा टला

जानकारी के अनुसार हरिपुरखोल पंचायत के वार्ड नंबर-3 जामनीघाट गांव में मरियम पत्नी स्व. नूर मोहम्मद के घर के समीप एचटी लाइन अचानक टूटकर मवेशियों पर आ गिरी. इस बीच करंट लगने से मवेशी मौके पर ही मर गए. इससे महिला पशुपालक को लाखों रुपये का नुकसान हुआ है. हादसे की सूचना मिलते ही पंचायत प्रतिनिधियों समेत ग्रामीण मौके पर पहुंचे और इसकी जानकारी पुलिस व बिजली बोर्ड सहित राजस्व विभाग को दी. इसके बाद पुलिस, पटवारी, कानूनगो के साथ साथ वेटरनरी विभाग से कर्मचारी मौके पर पहुंचे और हादसे का जायजा लिया. फिलहाल, ये नहीं कहा जा सकता कि राजस्व विभाग ने कितना नुकसान आंका है, लेकिन बताया जा रहा है कि ये लाखों में है.

ये भी पढ़ें:  सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के भरे जाएंगे 150 पद, इन तिथियों पर होंगे कैंपस इंटरव्यू

उधर, बिजली बोर्ड के सहायक अभियंता सुमित चौधरी ने बताया कि हादसा इंसुलेटर में ब्लास्ट होने के बाद कंडक्टर गिरने से हुआ. उन्होंने कहा कि फिलहाल लाइन को बदलने के लिए बजट नहीं है.

बिजली बोर्ड की लापरवाही से हुआ हादसा
पंचायत प्रधान संगीता देवी के पति जालम सिंह और प्रदेश सचिव भाजपा मनीष चौहान ने बताया कि ये हादसा बिजली बोर्ड की लापरवाही से हुआ है. पिछले साल भी यहां एचटी लाइन टूटने से एक बैल की मौत हो गई थी. अब फिर हादसे की पुनरावृत्ति हुई है. उन्होंने कहा कि लाइन को यहां से बदलने को लेकर पहले भी लिखित शिकायतें दी जा चुकी हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही. वीरवार को हुए हादसे के दौरान गनीमत ये रही कि पशुपालक महिला और उसका परिवार इसकी चपेट में नहीं आया. ये लाइन हरिपुर से लौहगढ़ की तरफ जा रही है. उन्होंने बोर्ड से फिर मांग की कि इस लाइन को यहां से बदला जाए. साथ ही ये भी कहा कि पशुपालक को हुए नुकसान की भरपाई की जाए.

ये भी पढ़ें:  विद्यार्थी जीवन में मेहनत और अनुशासन अति आवश्यक : हर्षवर्धन चौहान
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More