HomeHimachalSolanबड़ी खबर: नाके पर पुलिस देख भगाई कार, पकड़े जाने के डर...

बड़ी खबर: नाके पर पुलिस देख भगाई कार, पकड़े जाने के डर से निगल लिया चिट्टा; गई जान, 3 अन्य गिरफ्तार

कार्रवाई के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, खंजर समेत नशा तस्करी से जुड़ा सामान बरामद हुआ। नशा तस्करी के इस मामले में पुलिस ने कार में सवार तीन अन्य आरोपियों को हिरासत में लिया है।

बद्दी : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन के बीबीएन इलाके से नशा तस्करी से जुड़े एक मामले में चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस से बचने के लिए एक युवक ने अपने पास मौजूद सारा चिट्टा निगल लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई और इलाज के दौरान अस्पताल में मौत हो गई।

इस कार्रवाई के दौरान कार से 9.02 ग्राम हेरोइन, इलेक्ट्रॉनिक कांटा, खंजर समेत नशा तस्करी से जुड़ा सामान बरामद हुआ। नशा तस्करी के इस मामले में पुलिस ने कार में सवार तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस के अनुसार स्पेशल सेल-एक्स टीम को सूचना मिली थी कि हरियाणा की ओर से एक कार में चिट्टे की खेप लेकर कुछ लोग बरोटीवाला की तरफ आ रहे हैं। सूचना मिलते ही बरोटीवाला टोल बैरियर पर नाकेबंदी की गई। इसी दौरान हरियाणा नंबर की कार (HR-05AH-9078) नाके पर पहुंची तो पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय नाका तोड़ दिया और पुलिस कर्मियों को टक्कर मारने का प्रयास करते हुए तेज रफ्तार से भाग निकला।

ये भी पढ़ें:  सोच बदलने वाला मंच बना ‘क्रिएट फॉर नेशन’, नाहन में सोशल मीडिया के असर पर गंभीर मंथन

एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि भागने के दौरान कार करीब 15-20 मीटर आगे सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कार चालक की हालत बिगड़ चुकी थी। पता चला कि उसने पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपने पास मौजूद चिट्टा निगल लिया था, जिसे तत्काल पुलिस वाहन से अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने कार में सवार विक्रम सिंह निवासी बरोटीवाला, गौरव कुमार और आशीष मेहता निवासी बग्गूवाला को मौके पर गिरफ्तार किया। एफएसएल टीम ने मौके का निरीक्षण कर कार से 9.02 ग्राम चिट्टा (हेरोइन), एल्यूमिनियम फॉयल में लिपटी चिट्टे की चार पुड़ियां, 20 रुपये का अधजला नोट, एक इलेक्ट्रॉनिक वजन मापने वाली मशीन, एक खंजर, दो वीवो स्मार्टफोन, दो कीपैड फोन, एक मिनी मोबाइल और एल्युमिनियम फॉयल के 2 रोल बरामद किए।

ये भी पढ़ें:  मुख्यमंत्री ने जारी किया सचिवालय कर्मचारी सहकारी समिति का कैलेंडर- 2026

एसपी बद्दी ने बताया कि मृतक की पहचान विक्रम ठाकुर उर्फ विक्की निवासी गोयला पन्नर, तहसील नालागढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने कार में सवार 3 अन्य आरोपियों को चिट्टे समेत अन्य सामान के साथ गिरफ्तार किया है, जिन्हें शुक्रवार को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा।

जांच में यह पता लगाया जाएगा कि हेरोइन की खेप कहां से लाई गई थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस ने बरोटीवाला थाने में बीएनएस और एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:  बद्दी में ट्रक ने बाइक को रौंदा, पीछे सवार युवक की मौके पर मौत; चालक वाहन सहित फरार, पुलिस जांच में जुटी
Crime Desk Himachal
Crime Desk Himachalhttps://aapkibaatnews.com
क्राइम डेस्क हिमाचल, हिमाचल प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में अपराध, पुलिस कार्रवाई, कानून-व्यवस्था, जांच और न्यायिक मामलों से जुड़ी हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, सटीक और विश्वसनीय तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। हमारा उद्देश्य अपराध जगत की हर बड़ी अपडेट, पुलिस की कार्रवाई और जनसरोकार से जुड़े मामलों को तथ्यात्मक और प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत करना है।

Latest Articles

Explore More