Home Himachal Solan हिमाचल में ढाई साल के मासूम की निर्मम हत्या, सौतेले पिता ने...

हिमाचल में ढाई साल के मासूम की निर्मम हत्या, सौतेले पिता ने हादसा दिखाने की रची थी साजिश, तीसरे दिन ऐसे खुला राज

हिमाचल प्रदेश में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं, जहां सौतेले पिता ने ढाई साल के मासूम की निर्मम हत्या कर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन उसकी ये कोशिश नाकाम हो गई।

0

सोलन : हिमाचल प्रदेश में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई हैं, जहां सौतेले पिता ने ढाई साल के मासूम की निर्मम हत्या कर इसे हादसे का रूप देने का प्रयास किया, लेकिन उसकी ये कोशिश नाकाम हो गई। मामला जिला सोलन के सलोगड़ा क्षेत्र का है। इस मामले में पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर सौतेले पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार 1 मार्च 2026 को ग्राम पंचायत सलोगड़ा की सरोज चौहान ने पुलिस को सूचना दी कि बालुघाटी, सलोगड़ा में ढाई वर्ष के एक मासूम की गिरने से मृत्यु हो गई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां तारा देवी (24) पत्नी राजेंद्र, हाल निवासी सलोगड़ा, अपने वर्तमान पति राज थापा के साथ मौजूद मिली। मौके पर तारा देवी के पुत्र प्रवीण का शव पाया गया। पूछताछ में तारा देवी ने बताया कि 28 फरवरी 2026 की शाम करीब 5 बजे प्रवीण क्वार्टर के आंगन में खेलते समय गिर गया था। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन ले जाया गया, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सलोगड़ा वापस लाया गया।

ये भी पढ़ें:  HRTC की बसों में किराये में छूट के लिए हिम बस कार्ड आवश्यक, वरना पूरा लगेगा किराया

1 मार्च को जब शव को दफनाने ले जाया जा रहा था तो ग्रामीणों ने निवर्तमान पंचायत प्रधान को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। इसी संदर्भ में 2 मार्च 2026 को राजेंद्र महत (30) निवासी नेपाली मूल, हाल निवासी चौरी घाटी फॉरेस्ट रोड सोलन ने थाना सदर सोलन में रिपोर्ट दर्ज करवाई। उसने बताया कि उसका विवाह लगभग 4 वर्ष पूर्व तारा देवी से हुआ था और उनसे एक पुत्र प्रवीण था। वर्ष 2025 में तारा देवी पुत्र को साथ लेकर घर छोड़कर चली गई थी। फरवरी 2026 में वह पत्नी और पुत्र को कोटखाई ले गया था, लेकिन तारा देवी पुनः राज थापा के साथ रहने के लिए सलोगड़ा लौट आई। शिकायतकर्ता के अनुसार वह फरवरी 2026 में काम के सिलसिले में किन्नौर चला गया था।

ये भी पढ़ें:  महिला कर्मी छेड़छाड़ केस: पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर, आरोपी की बढ़ीं चौतरफा मुश्किलें

28 फरवरी को उसने पड़ोसन सपना के मोबाइल पर फोन कर पुत्र का हालचाल पूछा तो उसे बताया गया कि बच्चा ठीक है। बाद में शाम करीब 6:30 बजे सूचना मिली कि प्रवीण की मृत्यु हो गई है। पोस्टमार्टम के उपरांत चिकित्सक द्वारा मौखिक रूप से मृत्यु सामान्य न होने की बात बताई गई, जिसके आधार पर शिकायतकर्ता ने संदेह जताया कि उसके पुत्र की हत्या राज थापा ने गला या छाती दबाकर रंजिश वश की है। अन्वेषण के दौरान पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कीं। एसएफएसएल जुन्गा की टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। क्षेत्रीय अस्पताल सोलन से मामले को आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया, जहां पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

एसपी सोलन तिरूमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि जांच के बाद 2 मार्च 2026 को ही पुलिस ने आरोपी राज थापा (32) पुत्र राम बहादुर, निवासी गांव बांगेसिमल, तहसील सुरकेत, नेपाल, हाल निवासी सलोगड़ा को गिरफ्तार कर लिया। अन्वेषण में यह भी पाया गया कि आरोपी राज थापा मृतक का सौतेला पिता था। लगभग 10-12 दिन पूर्व राजेंद्र महत, तारा देवी व राज थापा के बीच बालक प्रवीण के पालन-पोषण एवं अभिरक्षा को लेकर विवाद हुआ था, जिसके बाद राजेद्र महत किन्नौर चला गया था।

ये भी पढ़ें:  मूसलाधार बारिश का कहर; सिरमौर में 70 सड़कें बंद, उफान पर नदी-नाले, मातर इलाका जलमग्न

प्रथम दृष्टया जांच में यह पाया गया है कि उक्त रंजिश व खुन्नस के चलते 28 फरवरी 2026 को आरोपी राज थापा ने बालक प्रवीण का गला दबाकर हत्या कर दी, क्योंकि राज थापा तारा का दूसरा पति व प्रवीण का सौतेला बाप था। इस मामले में आगामी जांच हर पहलु पर प्राथमिकता से की जा रही है। आरोपी को अदालत में पेश किया जा रहा है।