Home Himachal Sirmaur ऐतिहासिक चौगान में 8 मार्च को होगा राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह,...

ऐतिहासिक चौगान में 8 मार्च को होगा राज्य स्तरीय महिला दिवस समारोह, CM सुक्खू करेंगे सम्मानित

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे। समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

0

नाहन : अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर 8 मार्च को जिला सिरमौर के नाहन स्थित ऐतिहासिक चौगान मैदान में राज्य स्तरीय समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे और प्रदेशभर से चयनित श्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और हेल्परों को सम्मानित करेंगे। समारोह में विभिन्न महिला सशक्तिकरण योजनाओं के लाभार्थियों को भी चेक वितरित किए जाएंगे।

महिला एवं बाल विकास विभाग के निदेशक डॉ. पंकज ललित ने मंगलवार को नाहन में पत्रकारों से बातचीत में बताया कि यह समारोह सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता और सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल धनीराम शांडिल करेंगे। समारोह में उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष विनय कुमार और नाहन के विधायक अजय सोलंकी भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे।

ये भी पढ़ें:  200 करोड़ की छैला-ओच्छघाट सड़क मोदी सरकार की देन, कांग्रेस कर रही झूठा श्रेय लेने की कोशिश: बिंदल

समारोह में प्रदेश के प्रत्येक जिले से चयनित सर्वश्रेष्ठ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आंगनबाड़ी हेल्पर को मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित किया जाएगा। प्रदेश में संचालित 18,925 आंगनबाड़ी केंद्रों में कार्यरत कर्मियों के उत्कृष्ट कार्य को इस मंच पर मान्यता दी जाएगी। महिला सशक्तिकरण योजना के अंतर्गत उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं, स्वयं सहायता समूहों और संस्थाओं को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए एक लाख रुपये की पुरस्कार राशि निर्धारित की गई है। राज्य स्तरीय समिति द्वारा प्राप्त आवेदनों की जांच के बाद चार श्रेणियों में सम्मान प्रदान किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त शगुन योजना, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना, सुखाश्रय योजना और सुख शिक्षा योजना के चयनित लाभार्थियों को भी कार्यक्रम के दौरान चेक वितरित किए जाएंगे। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। निदेशक ने बताया कि कार्यक्रम में 10 हजार से अधिक महिलाएं शिरकत करेंगी। इसके साथ साथ अन्य लोगों की उपस्थिति भी समारोह में रहेगी। उन्होंने महिलाओं और सामाजिक संगठनों से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की। इस मौके पर जिला कार्यक्रम अधिकारी आईसीडीएस पवन कुमार और जिला लोक संपर्क अधिकारी ममता नेगी भी उपस्थित रहीं।

ये भी पढ़ें:  डॉ. प्रशांत रमण रवि के लिखित काव्य संग्रह 'पहाड़ में प्रार्थना' का विमोचन