HomeHimachalBilaspur5 से 9 अप्रैल तक सजेगा राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव, राजेश धर्माणी...

5 से 9 अप्रैल तक सजेगा राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव, राजेश धर्माणी ने की तैयारियों की समीक्षा

धर्माणी ने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी।

घुमारवीं (बिलासपुर) : घुमारवीं में 5 से 9 अप्रैल तक राज्य स्तरीय घुमारवीं ग्रीष्मोत्सव आयोजित किया जाएगा, जबकि 4 अप्रैल को पारंपरिक पशु मेले का आयोजन होगा। मेले की तैयारियों को लेकर नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी की अध्यक्षता में खंड विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें एसडीएम घुमारवीं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

बैठक में मंत्री राजेश धर्माणी ने स्पष्ट किया कि ग्रीष्मोत्सव को भव्य और सुव्यवस्थित रूप में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह मेला क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकता का प्रतीक है। हर वर्ष की तरह इस बार भी मेले का शुभारंभ शिव मंदिर से भव्य शोभायात्रा के साथ होगा, जो शिव मंदिर से प्रारंभ होकर मेला ग्राउंड तक पहुंचेगी। मेला ग्राउंड में स्थानीय कलाकारों, विद्यालयों और महाविद्यालयों के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें:  बद्दी पुलिस की कार्रवाई, यातायात नियम तोड़ने पर 136 वाहनों के काटे चालान

मंत्री ने बताया कि इस वर्ष पारंपरिक कुश्ती प्रतियोगिताएं विशेष आकर्षण रहेंगी। पहली बार महिला कुश्ती को भी शामिल किया जा रहा है, जिसे महिला सशक्तिकरण की दिशा में सकारात्मक पहल बताया गया। साथ ही स्कूलों और कॉलेजों के विद्यार्थियों को भी कुश्ती प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर दिया जाएगा, ताकि युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच मिल सके।

खेलकूद प्रतियोगिताओं के अंतर्गत हैंडबॉल, बास्केटबॉल, बैडमिंटन, शतरंज सहित अन्य खेलों का आयोजन किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि खेल गतिविधियां युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली के लिए प्रेरित करती हैं, इसलिए इन प्रतियोगिताओं को विशेष महत्व दिया जाना चाहिए।

इस वर्ष मेले में बेबी शो, डॉग शो और बुजुर्ग सम्मान शो का भी आयोजन किया जाएगा। बुजुर्ग सम्मान शो में 70 से 90 वर्ष, 90 से 100 वर्ष और 100 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को शामिल कर सम्मानित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि वरिष्ठ नागरिक समाज की परंपरा और अनुभव की धरोहर हैं और उनका सम्मान किया जाना चाहिए। मेले के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी, ताकि आमजन को योजनाओं की जानकारी मिल सके।

ये भी पढ़ें:  एक देश-एक चुनाव के लिए जेपीसी ने की मुख्यमंत्री और उप-मुख्यमंत्री से भेंट

बैठक में मेला ग्राउंड की साफ-सफाई, बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए गए। कानून और व्यवस्था तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, जबकि अग्निशमन विभाग को सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा गया। खाद्य आपूर्ति विभाग को मेले के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए गए, ताकि लोगों के स्वास्थ्य से किसी प्रकार का समझौता न हो।

बैठक के उपरांत मंत्री ने अधिकारियों के साथ मेला ग्राउंड का निरीक्षण भी किया। इस अवसर पर निवर्तमान नगर परिषद अध्यक्ष रीता सहगल, उपाध्यक्ष श्याम शर्मा, एचपीएमसी के अध्यक्ष सतपाल वर्धन, पूर्व पार्षद कपिल, मनोनीत सदस्य देशराज और व्यापार मंडल के अध्यक्ष हेमराज सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

ये भी पढ़ें:  शराब के नशे में पत्नी से कहासुनी के बाद पति ने किया आत्मदाह, पीजीआई में गई जान
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More