सोलन : जिला सोलन के बजरोल क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस थाना सदर सोलन की टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पहचान अमरजीत सिंह (56) पुत्र स्व. इंदर सिंह निवासी खालसा कॉम्प्लेक्स, गंज बाजार सोलन के रूप में हुई है। मृतक ने ऐसा खौफनाक कदम क्यों उठाया, इसके पीछे क्या वजह रही, पुलिस इसकी जांच में जुटी है।
एसपी सोलन तिरुमलाराजू एसडी वर्मा ने बताया कि थाना सदर सोलन को सूचना मिली कि बजरोल के पास सड़क के नीचे एक व्यक्ति पेड़ से फंदा लगाकर लटका हुआ है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची, जहां कुछ स्थानीय लोग भी मौजूद थे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर देखा कि सड़क से नीचे एक पेड़ पर एक व्यक्ति रस्सी से बने फंदे से लटका हुआ था।
मौके पर मौजूद परिजनों और अन्य लोगों के सामने शव को पेड़ से लगे फंदे से नीचे उतारा गया और उसका गहन निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान मृतक के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट या खरोंच के निशान नहीं पाए गए, जबकि गले पर रस्सी के फंदे का निशान मिला।
पुलिस ने मौके से मृतक का मोबाइल फोन और वह रस्सी, जिससे फंदा लगाया गया था, कब्जे में ले ली। इसके अलावा घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट या अन्य संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। मौके पर मौजूद गवाहों के बयान भी दर्ज किए गए हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मृतक पेशे से दुकानदार था और वीरवार की सुबह अपने घर से दुकान खोलने के लिए निकला था। हालांकि बाद में वह बजरोल में सड़क से नीचे स्थित पेड़ से रस्सी के फंदे के सहारे लटका हुआ पाया गया।
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल सोलन पहुंचाया, जहां विसरा सुरक्षित रखा गया है। इसे रासायनिक परीक्षण के लिए एसएफएसएल जुन्गा भेजा जा रहा है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया गया।
अब तक की जांच के दौरान मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने मौत को लेकर किसी प्रकार का शक या संदेह व्यक्त नहीं किया है। इसके बावजूद पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। मामले में धारा 194 भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS), 2023 के तहत कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।



