HomeBreakingमहिला कर्मी छेड़छाड़ केस: पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर, आरोपी की...

महिला कर्मी छेड़छाड़ केस: पुलिस ने जारी किया लुकआउट सर्कुलर, आरोपी की बढ़ीं चौतरफा मुश्किलें

नाहन|
जिला सिरमौर के नामी शिक्षण संस्थान के निदेशक पद पर रहते हुए अपने ही संस्थान की महिला कर्मी से छेड़छाड़ और किडनैपिंग मामले में फरार चल रहे आरोपी की चौतरफा मुश्किलें बढ़ गई हैं. आरोपी देश से बाहर न चला जाए, इसे देखते हुए पुलिस ने जहां आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है तो वहीं संबंधित निजी संस्थान ने भी आरोपी को निदेशक पद से निलंबित कर दिया है.

उधर, सिरमौर जिला बार एसोसिएशन पहले ही यह निर्णय ले चुकी है कि कोई भी वकील आरोपी का केस नहीं लड़ेगा, वहीं विभिन्न सामाजिक संगठन व लोगों के बीच भी मामले को लेकर काफी रोष है. पुलिस पर आरोपी को गिरफ्तार करने दबाव बढ़ता जा रहा है. लिहाजा चारों तरफ से आरोपी की मुश्किलें बढ़ चुकी हैं.

ये भी पढ़ें:  अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ ने कर्मचारियों के मुद्दों पर सीएम सुक्खू को नाहन में सौंपा मांग पत्र

बता दें कि इससे पहले पुलिस ने आरोपी को पुलिस जांच में शामिल होने को लेकर नोटिस जारी किया था, लेकिन कई दिन बीत जाने के बावजूद भी आरोपी पुलिस के सामने नहीं आया. लिहाजा, अब पुलिस ने उसके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया है, ताकि वह देश से बाहर न जा सके. फिलहाल, आरोपी अंडरग्राउंड चल रहा है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें भी भेजी गई हैं, लेकिन अब तक उसका कोई सुराग नहीं लग पाया है.

क्या कहते हैं एएसपी
उधर, एएसपी सिरमौर योगेश रोल्टा ने कहा कि नोटिस जारी होने के बावजूद भी आरोपी मनोज राठी पुलिस जांच में शामिल नहीं हुआ. हालांकि पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी कर दिया है, ताकि वह देश से बाहर न जा सके. पुलिस इस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है.

ये भी पढ़ें:  पांच वर्ष तक के सभी बच्चों को पिलाई जाएगी दो बूंद जिंदगी की, डीसी ने अभियान सफल बनाने के दिए निर्देश

क्या है ये पूरा मामला
बता दें कि गत 15 जनवरी को महिला पुलिस थाने में शहर के ही एक नामी शिक्षण संस्थान में ही कार्यरत महिला कर्मचारी की शिकायत पर पुलिस ने यह मामला दर्ज किया था. पीड़ित महिला कर्मी के साथ यह घटना 14 जनवरी को सामने आई थी. शिकायत के मुताबिक संस्थान में निदेशक के पद पर तैनात आरोपी उक्त महिला कर्मी को संस्थान की नाहन शाखा से ऑफिस के काम के बहाने गाड़ी में बिठाकर जरजा न ले जाकर सीधा उसे शिमला रोड पर किसी सुनसान जगह ले गया था, जहां वह पीड़िता के साथ अश्लील हरकतें करने लगा. बार-बार शराब पीने के लिए भी बोला गया. इस पर घबराई पीड़िता ने अपनी लाइव लोकेशन और मैसेज आदि अपने दोस्त को भेजे और अपनी मां के फोन का बहाना बनाकर अपने घर आ गई थी. इसके बाद उसने पूरी बात अपने घरवालों को बताई, जिसके बाद मामला पुलिस के पास पहुंचा.

Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More