HomeCrime36.34 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के 2 मामलों में सीबीआई की बड़ी...

36.34 करोड़ की बैंक धोखाधड़ी के 2 मामलों में सीबीआई की बड़ी कार्रवाई, केस दर्ज

शिमला/नाहन|
केंद्रीय जांच एजेंसी सीबीआई ने हिमाचल प्रदेश में 2 अलग-अलग राष्ट्रीयकृत बैंकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के मामलों में बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है. इन मामलों में निजी कंपनियों ने दोनों बैंकों से कुल 36.34 करोड़ रुपये का नुकसान की धोखाधड़ी की है.
इनमें भारतीय स्टेट बैंक के साथ 33 करोड़ और पंजाब नेशनल बैंक के साथ 3.34 करोड़ का फ्रॉड किया है. सीबीआई ने दोनों मामलों में केस दर्ज कर लिया है और जांच की जा रही है. सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान पहुंचाने वाले ये मामले जिला सोलन और सिरमौर से जुड़े हैं.
दरअसल, पहला मामला जिला सोलन की बद्दी से जुड़ा है. यहां हैदराबाद स्थित एक निजी कंपनी ने भारतीय स्टेट बैंक की बद्दी शाखा से 33 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है. कंपनी का प्लांट और फैक्टरी बद्दी के औद्योगिक क्षेत्र में स्थित है. आरोप है कि संबंधित कंपनी के मुख्य प्रबंध निदेशक संधरपल्ले वेंकटैया और निदेशक गुड़लुरु मस्तान ने कुछ अज्ञात सरकारी अधिकारियों और निजी व्यक्तियों के साथ मिलकर इस धोखाधड़ी को अंजाम दिया.
सूत्रों के अनुसार जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने बैंक में पहले से गिरवी रखी संपत्तियों को बिना किसी अनुमति के बेचने का प्रयास भी किया. यही नहीं बिक्री और पट्टे से प्राप्त राशि को बैंक में जमा न कर अपने निजी उपयोग में ले लिया.
उधर, दूसरे मामले के तार जिला सिरमौर से भी जुड़े है. इस मामले में सीबीआई ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ 3.34 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के लिए देवांग सेल्स कॉर्पोरेशन के दो साझेदारों और अन्य अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ केस दर्ज किया है.
राजस्थान में पंजीकृत इस कंपनी ने जिला सिरमौर के कालाअंब में स्थित अपनी इकाई के लिए पीएनबी परमाणु शाखा से नकद ऋण सुविधा का लाभ उठाया और फिर धोखाधड़ी की. यह मामला बैंक के मुख्य प्रबंधक कपिल मट्टा की शिकायत पर दर्ज किया गया है.
उधर, सीबीआई की एंटी करप्शन ब्यूरो शिमला दोनों मामलों की जांच कर रही है. इन घोटालों से सरकारी खजाने को कुल 36.34 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ है.

ये भी पढ़ें:  फसलों का बीमा करने की तारीख बढ़ी, अब इस तारीख तक कर सकेंगे आवेदन
Hitesh Sharma
Hitesh Sharmahttps://aapkibaatnews.com
हितेश शर्मा 'आपकी बात न्यूज़ नेटवर्क' के संस्थापक और मुख्य संपादक हैं। दो दशकों से भी अधिक लंबे अपने करिअर में, वे 'अमर उजाला' 'दैनिक भास्कर' दैनिक ट्रिब्यून, पंजाब केसरी और दिव्य हिमाचल जैसे प्रमुख प्रकाशनों में महत्वपूर्ण संपादकीय जिम्मेदारियां निभाई हैं। एक अनुभवी पत्रकार और पूर्व ब्यूरो प्रमुख के तौर पर, हितेश अपनी गहन ज़मीनी रिपोर्टिंग और नैतिक व प्रभावशाली पत्रकारिता के प्रति अपने अटूट समर्पण के लिए व्यापक रूप से सम्मानित हैं। वे जनहित से जुड़े मुद्दों पर गहन रिपोर्टिंग करने में विशेषज्ञता रखते हैं और यह सुनिश्चित करते हैं कि हर कहानी को पूरी गहराई और ज़िम्मेदारी के साथ प्रस्तुत किया जाए।

Latest Articles

Explore More