Home Himachal Mandi रिजल्ट लेकर लौट रहे थे घर… अचानक खाई में समा गई कार,...

रिजल्ट लेकर लौट रहे थे घर… अचानक खाई में समा गई कार, 4 बच्चों समेत 6 घायल

हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सड़क हादसा सामने आया है, जहां सुंदरनगर उपमंडल के डैहर-समलेहु संपर्क सड़क पर भंतरेहड़ नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी

0

सुंदरनगर : हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले में सड़क हादसा सामने आया है, जहां सुंदरनगर उपमंडल के डैहर-समलेहु संपर्क सड़क पर भंतरेहड़ नाले के पास एक कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में कार सवार चार मासूम बच्चों सहित कुल छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए एम्स बिलासपुर रेफर किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कार में सवार सभी लोग डैहर क्षेत्र के एक निजी स्कूल से वार्षिक परीक्षा परिणाम लेकर अपने घर लौट रहे थे। भंतरेहड़ नाले के समीप अचानक चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और कार सड़क से नीचे लुढ़कते हुए नाले में जा गिरी। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के खाई में गिरते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास का इलाका दहल उठा।

ये भी पढ़ें:  धर्मशाला में बनेगा देश का सबसे बड़ा कन्वेंशन सेंटर, 150 करोड़ होंगे खर्च : मुख्यमंत्री

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों की तत्परता से सभी घायलों को गहरी खाई से बाहर निकाला गया और एम्बुलेंस के माध्यम से एम्स बिलासपुर पहुंचाया गया।

घायलों की पहचान चालक बसंत राम (65), वंदना (25) और चार बच्चों रियांश (8), सुप्रित (10), अर्णव (8) और रिहाना के रूप में हुई है। सभी घायल बिलासपुर जिले की घुमारवीं तहसील के गांव बलोह (डाकघर नानवां) के निवासी बताए जा रहे हैं।

घटना की सूचना मिलते ही डैहर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। सुंदरनगर के डीएसपी भारत भूषण ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि दुर्घटना के सभी पहलुओं की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण वाहन का अनियंत्रित होना माना जा रहा है, जबकि वास्तविक कारणों का खुलासा विस्तृत जांच के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल सभी घायलों का उपचार एम्स बिलासपुर में जारी है।

ये भी पढ़ें:  मैनेजमेंट के क्षेत्र में भविष्य संवारने का मौका: IIM SIRMOUR ने मांगे बीएमएस के लिए आवेदन