चंबा : जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत जिले में धुआंरहित फ्लेवरयुक्त तंबाकू उत्पादों के भंडारण, परिवहन, वितरण एवं बिक्री को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार ऐसे धुआं रहित तंबाकू उत्पाद जिनमें स्वाद, सुगंध, ठंडक अथवा सेवन को अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से फ्लेवरिंग एजेंट, मेंथॉल एवं अन्य एडिटिव्स का उपयोग किया जाता है, प्रतिबंध के दायरे में आएंगे। इनमें विशेष रूप से कूल-लिप फिल्टर तंबाकू भी शामिल है।
जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव एवं चिकित्सकीय विश्लेषण के अनुसार फ्लेवरयुक्त धुआंरहित तंबाकू उत्पादों में मिलाए जाने वाले मेंथोल एवं अन्य स्वादवर्धक तत्व इनके आकर्षण और सेवन की प्रवृत्ति को बढ़ाते हैं।
ऐसे उत्पादों की सहज उपलब्धता से विशेषकर किशोरों एवं युवाओं में तंबाकू सेवन तथा निकोटीन की लत बढ़ने की आशंका रहती है। उत्पाद जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते हैं।
जारी आदेश में पुलिस अधीक्षक, सभी कार्यकारी दंडाधिकारियों, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा जारी होने की तिथि से दो माह की अवधि तक प्रभावी रहेगा, जब तक कि इसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा संशोधित, निरस्त अथवा विस्तारित नहीं किया जाता।
- ये भी पढ़ें : हिमाचल में पूर्व सैनिकों की नियुक्तियों के लिए स्क्रीनिंग की तारीखें तय, 18 से शुरू होगी जिलावार चयन प्रक्रिया
- ये भी पढ़ें : सिरमौर में 57 अभ्यर्थियों को मिली JBT के पद पर नियुक्ति, 8 दिन के भीतर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश




