HomeHimachalMandiबेटी सिया की हत्या से शोक और आक्रोश में हिमाचल: अंतिम विदाई...

बेटी सिया की हत्या से शोक और आक्रोश में हिमाचल: अंतिम विदाई में छलके आंसू, CM सुक्खू बोले- दोषी को मिलेगी कड़ी सजा

जिला मंडी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या के बाद प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल है। मंगलवार को सरकाघाट के नैण निवासी सिया का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया।

मंडी : जिला मंडी में 19 वर्षीय कॉलेज छात्रा सिया की निर्मम हत्या के बाद प्रदेश में शोक और आक्रोश का माहौल है। मंगलवार को सरकाघाट के नैण निवासी सिया का उनके पैतृक गांव में अंतिम संस्कार कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच किया गया। अंतिम विदाई के समय सैकड़ों लोगों की आंखें नम हो गईं और माहौल पूरी तरह गमगीन हो गया। सिया को उनके चचेरे भाई ने मुखाग्नि दी। इस दौरान स्थानीय विधायक भी मौके पर मौजूद रहे।

इससे पहले घर में शव पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। मां और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और हर कोई इस दर्दनाक और हृदयविदारक घटना से स्तब्ध नजर आया। यह वारदात सोमवार सुबह की है, जब गोपालपुर कॉलेज में बीवॉक द्वितीय वर्ष की छात्रा सिया पर एक युवक ने दराट से हमला कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

ये भी पढ़ें:  हमीरपुर में 187 लड़कियों ने लगवाए एचपीवी के टीके, आंकड़ा पहुंचा 780

इस जघन्य हत्याकांड के बाद पूरे क्षेत्र में आक्रोश फूट पड़ा है। सरकाघाट, टिहरा और मंडी में लोगों ने सड़कों पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किए। गुस्साए लोगों ने गोपालपुर बाजार पूरी तरह बंद रखा और क्षेत्र में होने वाला छिंज मेला भी स्थगित कर दिया गया। आरोपी की पहचान नशे के आदी विकास पटियाल उर्फ रिशु के रूप में हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में नशे की बढ़ती प्रवृत्ति को लेकर भी लोगों में भारी रोष देखने को मिल रहा है और सख्त कार्रवाई की मांग उठ रही है।

इस पूरे मामले पर मुख्यमंत्री ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। शिमला में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए सरकार हर संभव प्रयास करेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में किसी भी प्रकार की लापरवाही नहीं बरती जाएगी। मुख्यमंत्री ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और उसे कड़ी से कड़ी सजा दिलाने के लिए पुलिस प्रभावी ढंग से काम कर रही है। साथ ही उन्होंने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि हिमाचल जैसे शांत प्रदेश में ऐसी वारदातें किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जाएंगी।

ये भी पढ़ें:  स्कूली छात्रा से छेड़छाड़ मामले में लेक्चरर बर्खास्त, हिमाचल शिक्षा विभाग ने लिया एक्शन
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More