नाहन : जिला सिरमौर के शंभुवाला स्थित सनवेट हेल्थ केयर कंपनी में एक मजदूर की मौत हो गई। पुलिस थाना सदर नाहन में इस संबंध में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
शिकायतकर्ता हरिश पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गांव सतीवाला, डाकघर शंभुवाला ने बताया कि गत शाम लिफ्ट से टक-टक की आवाज आ रही थी, जिसकी जानकारी सुपरवाइजर प्रमोद को दी गई, लेकिन इस पर ध्यान नहीं दिया गया। इसके बावजूद लिफ्ट में पीवीसी के करीब 150 बंडल लोड कर दिए गए। अधिक भार के चलते लिफ्ट का लोहे का तार वाला रस्सा टूट गया।
घटना के समय टीका राम लिफ्ट के बाहर पीवीसी सामान पकड़ने का कार्य कर रहा था। रस्सा टूटने के बाद लिफ्ट में रखा पूरा सामान उसके ऊपर गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौत हो गई।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि इस मामले में पुलिस थाना नाहन में धारा 125 और 106(1) BNS के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की तफ्तीश जारी है।