सोलन : अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि स्वयं सहायता समूहों की आर्थिकी को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से सोलन जिला में हिम ईरा प्रीमियम शोरूम स्थापित किया जाएगा। संजय अवस्थी शनिवार को अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत दाड़ला के गांव धोबटन में ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने दाड़लाघाट से गांव धोबटन तक रोगी वाहन योग्य सड़क मार्ग पर 14.67 लाख रुपए की लागत से निर्मित होने वाले स्लैब कल्वर्ट कार्य की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता प्रदान कर रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में संपर्क मार्ग आर्थिक उत्थान के साथ-साथ सामाजिक बदलाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में बेहतर संपर्क मार्ग, सुविधा युक्त विद्यालय, घर-द्वार के समीप चिकित्सा सहायता और उचित स्थान पर फसल बिक्री के लिए प्रयास कर रही है ताकि लोगों को सही समय पर सही सहायता मिल सके।
संजय अवस्थी ने कहा कि प्रदेश के दूरदराज क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की समस्याओं को शीघ्रता से सुलझाने और अधिकारियों की मौजूदगी में क्षेत्रों की जरूरतों को समयबद्ध पूरा करने के लिए सरकार आपके द्वार कार्यक्रम आरंभ किया गया है। उन्होंने कहा कि स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बिक्री के लिए उपयुक्त मंच एवं मूल्य प्रदान करने के उद्देश्य से प्रदेश सरकार शिमला शहर में एक हिमाचल हाट और सोलन सहित चार अन्य स्थानों पर हिम ईरा प्रीमियम शोरूम स्थापित करेगी।
उन्होंने धोबटन गांव में मोक्षधाम में डंगा लगाने व अन्य कार्य के लिए 2 लाख रुपए, धोबटन व नौणी गांव के लिए 10-10 स्ट्रीट लाइट तथा धोबटन गांव में खेल मैदान के प्रारंभिक निर्माण कार्य के लिए 1 लाख रुपए देने की घोषणा की। संजय अवस्थी ने इस अवसर पर ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत समस्याएं सुनी और अधिकारियों को इनके समयबद्ध निपटारे के निर्देश दिए।