नाहन : शंभुवाला स्थित सनवेट हेल्थ केयर कंपनी में लिफ्ट का रस्सा टूटने से मजदूर टीका राम की दर्दनाक मौत के मामले में सीटू (CITU) जिला सिरमौर ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। संगठन ने इस घटना को साधारण दुर्घटना मानने से इनकार करते हुए इसे कंपनी प्रबंधन की घोर लापरवाही और मजदूरों की सुरक्षा के प्रति उदासीनता का परिणाम बताया है।
सीटू के अनुसार, हादसे से पहले लिफ्ट से असामान्य आवाजें आ रही थीं और इसकी जानकारी सुपरवाइजर को दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद न तो कोई तकनीकी जांच करवाई गई और न ही काम रोका गया। आरोप है कि लिफ्ट में अत्यधिक भार डालकर मजदूरों की जान जोखिम में डाली गई, जिसके चलते यह हादसा हुआ और एक मजदूर की जान चली गई।
सीटू जिला सिरमौर के महासचिव आशीष कुमार और अध्यक्ष राजेश तोमर ने संयुक्त बयान में कहा कि यह घटना श्रम कानूनों और सुरक्षा मानकों की खुलेआम अनदेखी को दर्शाती है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि दोषी कंपनी प्रबंधन और संबंधित सुपरवाइजर के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही संगठन ने मृतक मजदूर के परिवार को कम से कम 20 लाख रुपये मुआवजा देने और परिवार के एक सदस्य को स्थायी नौकरी देने की मांग उठाई। सीटू ने कंपनी में सुरक्षा मानकों की उच्च स्तरीय जांच करवाने और जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई करने की भी मांग की है।
सीटू नेताओं ने चेतावनी दी है कि यदि प्रशासन ने जल्द और ठोस कदम नहीं उठाए, तो संगठन मजदूरों को साथ लेकर आंदोलन करेगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और कंपनी प्रबंधन की होगी।