राजगढ़ : सोशल मीडिया पर भारतीय सैनिकों को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में विवादों में आई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर इशिता पुंडीर ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ से मुलाकात कर सार्वजनिक रूप से माफी मांग ली है। ताजा घटनाक्रम में माफी के बाद पूर्व सैनिकों ने भी नरमी दिखाते हुए दर्ज पुलिस शिकायत वापस लेने का निर्णय लिया है।
गौरतलब है कि कुछ समय पहले इशिता पुंडीर द्वारा सोशल मीडिया पर साझा किए गए एक वीडियो में भारतीय सैनिकों के संबंध में आपत्तिजनक टिप्पणी की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद क्षेत्र में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और सेना में सेवारत जवानों, पूर्व सैनिकों के साथ-साथ आमजन ने भी इसका कड़ा विरोध किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ ने राजगढ़ पुलिस थाने में शिकायत दर्ज करवाई थी।
विवाद बढ़ने के बाद शनिवार को इशिता पुंडीर अपने परिजनों के साथ पूर्व सैनिक संगठन के प्रतिनिधियों से मिलीं और अपनी गलती पर खेद जताया। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी कि भारतीय सैनिकों की भावनाओं को ठेस पहुंचे और यह बात उनसे अनजाने में कह दी गई। उन्होंने कहा कि उन्हें इस पूरे मामले पर गहरा पछतावा है।
इशिता पुंडीर ने अन्य सोशल मीडिया क्रिएटर्स से भी अपील की कि वे संवेदनशील विषयों पर सोच-समझकर ही सामग्री साझा करें, ताकि समाज में किसी प्रकार की गलत भावना न फैले। उन्होंने देश के सैनिकों और आम जनता से हाथ जोड़कर माफी मांगते हुए भरोसा दिलाया कि भविष्य में ऐसी गलती दोबारा नहीं होगी।
वहीं पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के अध्यक्ष सूबेदार मेजर राजेश चौहान ने कहा कि वायरल वीडियो से सैनिकों का मनोबल प्रभावित हुआ था। उन्होंने माना कि इशिता से बड़ी गलती हुई, लेकिन इसे उनकी नादानी मानते हुए संगठन ने उन्हें माफ कर दिया है। संगठन ने यह भी घोषणा की कि राजगढ़ पुलिस थाने में दर्ज कराया गया मामला वापस लिया जाएगा। इस मौके पर पूर्व सैनिक संगठन इकाई राजगढ़ के रमेश कुमार, नायब सूबेदार बृजमोहन ठाकुर, सुखदेव पुंडीर सहित अन्य पदाधिकारी और इशिता पुंडीर के परिजन मौजूद रहे।