नाहन : विक्रम–बाग सुकेती रोड पर पथराला खाले पर जल्द नए ब्रिज निर्माण किया जाएगा। इसके लिए विभाग को 3.50 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल चुकी है। इस परियोजना के साकार होने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी और लंबे समय से बनी समस्या का स्थायी समाधान संभव हो सकेगा।
नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने स्पष्ट किया कि कुछ विरोधी ताकतें पट्टिकाएं तोड़ने जैसी घटनाओं के जरिए विकास कार्यों को प्रभावित करने की कोशिश कर रही हैं, लेकिन ऐसे प्रयासों से नाहन की प्रगति रुकने वाली नहीं है। उन्होंने दो टूक कहा कि “पट्टिकाएं तोड़ने से विकास नहीं रुकता, हमारा काम नाहन को आगे बढ़ाना है और हम उसी दिशा में लगातार काम कर रहे हैं।”
विधायक ने यह भी कहा कि उनका पूरा फोकस केवल विकास कार्यों पर है और इस तरह की नकारात्मक राजनीति से वे विचलित नहीं होते। उल्टा, ऐसे प्रयास उनके संकल्प को और मजबूत करते हैं। उन्होंने दोहराया कि विकास एक निरंतर प्रक्रिया है और इसका लाभ क्षेत्र के हर व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को आश्वस्त करते हुए कहा कि नाहन में विकास कार्यों की रफ्तार आगे भी इसी तरह जारी रहेगी और हर जरूरी परियोजना को प्राथमिकता के साथ पूरा किया जाएगा।