बीबीएन : पुलिस जिला बद्दी ने नशे के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए दो नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। PIT–NDPS अधिनियम के तहत दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। यह कार्रवाई लगातार मिल रही शिकायतों और आरोपियों की दोबारा सक्रियता के चलते अमल में लाई गई।
पहले मामले में 23 अप्रैल 2026 को नरेंद्र कुमार पुत्र गुरदेव सिंह निवासी दवाला, बरोटीवाला (सोलन) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत पहले से दो मामले दर्ज हैं, जिनमें 2.49 ग्राम और 6.160 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया जा चुका है।
दूसरे मामले में 22 अप्रैल 2026 को सुरजन कुमार पुत्र गुरदयाल निवासी बीड़ पलासी, बरोटीवाला (सोलन) को गिरफ्तार किया गया। उसके खिलाफ NDPS एक्ट के तहत तीन मामले दर्ज हैं। इन मामलों में उसके कब्जे से 25.066 ग्राम चूरा पोस्त, 77.770 ग्राम चरस, 9.55 ग्राम और 3.084 ग्राम हेरोइन/चिट्टा बरामद किया गया था।
एसपी बद्दी विनोद धीमान ने बताया कि पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी बार-बार गिरफ्तारी और कानूनी कार्रवाई के बावजूद नशा तस्करी में सक्रिय थे। जमानत पर छूटने के बाद ये फिर से अवैध मादक पदार्थों की खरीद-फरोख्त, भंडारण और सप्लाई में जुट जाते थे।
पुलिस जिला बद्दी ने दोनों मामलों को पुलिस मुख्यालय के माध्यम से हिमाचल प्रदेश सरकार को भेजा था। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद PIT–NDPS एक्ट, 1988 के तहत सख्त कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर किशनपुरा जेल भेज दिया गया है।
