कुल्लू : हिमाचल प्रदेश के जिला कुल्लू के विधानसभा क्षेत्र आनी में शनिवार शाम आए भीषण आंधी-तूफान ने दर्दनाक तबाही मचा दी।
उपमंडल आनी के तहत शमशर-गुगरा सड़क पर बाली ओल नामक स्थान के पास करीब पांच बजे तेज तूफान के दौरान सड़क किनारे खड़ा विशाल चीड़ का पेड़ अचानक चलती बोलेरो गाड़ी पर गिर गया। पेड़ की चपेट में आते ही वाहन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गया, जिससे मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे के समय बोलेरो में चालक सहित कुल सात लोग सवार थे, जिनमें छह स्कूल अध्यापिकाएं शामिल थीं। इस भीषण दुर्घटना में चार महिला अध्यापिकाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतकों की पहचान स्नेह लता निवासी पारलीधार कमांद, बंती कौंडल निवासी लामीसेरी, उषा कुमारी निवासी तराला जाओं और सीमा आजाद निवासी रोपड़ी के रूप में हुई है।
ये शिक्षिकाएं विभिन्न स्कूलों में सेवाएं दे रही थी। छुट्टी के बाद ये सभी अपने घरों को लौट रही थी कि आंधी तूफान से गिरे एक विशालकाय पेड़ ने उनकी जान ले ली। हादसे के बाद इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
घायलों में चालक सुरेश चंद, तारा देवी और रीना कुमारी निवासी कठेहड़ शामिल हैं। हादसे के तुरंत बाद साथ चल रही अन्य गाड़ियों के यात्रियों ने नीचे उतरकर घायलों को बाहर निकाला। वहीं स्थानीय लोगों और प्रशासन की मदद से घायलों को तुरंत आनी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। प्रारंभिक जांच में हादसे की मुख्य वजह तेज आंधी-तूफान को माना जा रहा है। इस हृदयविदारक हादसे से पूरे आनी क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। हादसे की पुष्टि पुलिस अधीक्षक कुल्लू मदन लाल कौशल ने की है।
