बिलासपुर : राष्ट्रीय परीक्षण एजेंसी द्वारा रविवार 3 मई को आयोजित की जा रही NEET UG परीक्षा 2026 के शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित संचालन को सुनिश्चित करने के लिए जिला बिलासपुर के उपमंडल सदर बिलासपुर और घुमारवीं में स्थापित परीक्षा केंद्रों के आसपास संबंधित एसडीएम ने धारा 163 BNSS के अंतर्गत निषेधात्मक आदेश जारी किए हैं।
जिला मुख्यालय बिलासपुर में 3 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए है, जिनमें पीएम श्री मुख्यमंत्री आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) बिलासपुर, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बिलासपुर और पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय बिलासपुर, जबकि घुमारवीं में 2 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए हैं, जिनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बाल) घुमारवीं व राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (बालिका) घुमारवीं शामिल है।
जारी आदेशों के अनुसार 3 मई 2026 को सुबह 10 बजे से सायं 6 बजे तक निर्धारित सभी परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं राजनीतिक आयोजन, जुलूस, रैली, नारेबाजी एवं हड़ताल पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
इसके साथ ही इस अवधि के दौरान लाउडस्पीकर के उपयोग, निर्माण कार्य, टेंट अथवा मंच की स्थापना या हटाने की गतिविधियों पर भी रोक रहेगी।
परीक्षा केंद्रों के आसपास किसी भी प्रकार के हथियार, लाठी, गोला-बारूद अथवा अन्य घातक वस्तुएं लेकर चलना भी पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा।
