HomeHimachalSirmaurगोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने धौलाकुआं में समझीं बागवानी की...

गोविंद बल्लभ पंत विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों ने धौलाकुआं में समझीं बागवानी की आधुनिक तकनीकें

गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कृषि महाविद्यालय के बी.टेक खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कार्यक्रम के 26 विद्यार्थियों के दल ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत शनिवार को क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, धौलाकुआं का दौरा किया।

धौलाकुआं : गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर के कृषि महाविद्यालय के बी.टेक खाद्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कार्यक्रम के 26 विद्यार्थियों के दल ने शैक्षणिक भ्रमण के अंतर्गत शनिवार को क्षेत्रीय बागवानी अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र, धौलाकुआं का दौरा किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने बागवानी अनुसंधान, पौध उत्पादन और आधुनिक तकनीकों की व्यावहारिक जानकारी प्राप्त की।

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों के साथ डॉ. आनंद सिंह जीना (डीन स्टूडेंट वेलफेयर) और अन्य संकाय सदस्य भी मौजूद रहे। विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए डॉ. प्रियंका ठाकुर एसोसिएट डायरेक्टर (अनुसंधान एवं प्रसार) ने केंद्र की कार्यप्रणाली, उद्देश्यों, चल रही अनुसंधान गतिविधियों, प्रसार कार्यक्रमों और क्षेत्र में बागवानी के विकास के लिए विकसित विभिन्न तकनीकों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने उन्नत उत्पादन तकनीकों के विकास और वैज्ञानिक ज्ञान को विद्यार्थियों एवं किसानों तक पहुंचाने में केंद्र की भूमिका पर भी प्रकाश डाला।

ये भी पढ़ें:  हरिपुरधार बस हादसा : बस के साथ नीचे चली गई थी मैं, फिर मां के पास पहुंची, 10 वर्षीय दिव्यांशी की आपबीती

भ्रमण के दौरान डॉ. सिमरन कश्यप (यंग प्रोफेशनल-II) ने विद्यार्थियों को बागवानी फसलों के नर्सरी उत्पादन क्षेत्र का भ्रमण करवाया। इस दौरान विभिन्न पुष्प और फल फसलों की प्रवर्धन (प्रोपेगेशन) और उत्पादन तकनीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। विद्यार्थियों ने बागवानी फसलों के उत्पादन, पौध तैयार करने की आधुनिक विधियों और अनुसंधान गतिविधियों को नजदीक से देखा और समझा।

इस दौरान दल में शामिल विद्यार्थियों ने कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण उनके लिए ज्ञानवर्धक और उपयोगी साबित हुआ। इससे उन्हें कक्षा में प्राप्त सैद्धांतिक ज्ञान को व्यावहारिक अनुप्रयोगों और आधुनिक अनुसंधान कार्यों से जोड़ने का अवसर मिला। भ्रमण का समापन एक संवादात्मक सत्र के साथ हुआ, जिसमें विद्यार्थियों ने बागवानी अनुसंधान और तकनीकों के विकास व प्रसार में केंद्र द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।

ये भी पढ़ें:  हरिपुरधार-रोनहाट सड़क पर दर्दनाक हादसा, 100 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, एक की मौत, चालक घायल

Latest Articles

Explore More