हमीरपुर : जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में तकनीकी सहायक के रूप में सेवारत संजीव कुमार शर्मा शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। जिला लोक संपर्क अधिकारी और कार्यालय के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने संजीव शर्मा को भावुक विदाई दी और उनके स्वस्थ एवं खुशहाल जीवन के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विभाग में संजीव कुमार शर्मा के कार्यकाल की सराहना की। जिला लोक संपर्क अधिकारी ने कहा कि संजीव शर्मा ने विभाग में हमेशा ईमानदारी, अनुशासन और समर्पण भाव से अपनी सेवाएं प्रदान कीं।
नादौन के गांव नघूं के निवासी संजीव शर्मा ने उद्यान विभाग में अपनी सेवाएं आरंभ की थीं और इसके बाद उन्होंने वर्ष 22 मार्च 2010 में सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के निदेशालय शिमला में प्रोजेक्ट ऑपरेटर के पद पर ज्वाइन किया था। इसके बाद वह कांगड़ा जिले के जयसिंहपुर उपमंडल के लिए स्थानांतरित हुए।
जयसिंहपुर से स्थानांतरण के बाद उन्होंने जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में ज्वाइन किया। वर्ष 2020 में तकनीकी सहायक के पद पर पदोन्नत होने के बाद उन्होंने धर्मशाला स्थित जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय कांगड़ा में अपनी सेवाएं दीं। वर्ष 2022 में उनका स्थानांतरण जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय हमीरपुर के लिए हुआ और 30 मई 2026 को वह सेवानिवृत्त हो गए।
विदाई समारोह में संजीव शर्मा की धर्मपत्नी अनीता देवी, दोनों बेटे अखिल और निखिल, बेटी अंकिता कुमारी दामाद अभिनव शर्मा, बहन कमलेश कुमारी, बहनोई अरुण शर्मा, भाई निक्का राम, ओम प्रकाश शर्मा, सरोज कुमारी और अन्य परिजन एवं रिश्तेदार भी उपस्थित रहे।
उधर, जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय चंबा में कार्यरत सेवादार प्रकाश चंद शनिवार को सेवानिवृत्त हो गए। विभागीय अधिकारियों-कर्मचारियों ने शुभकामनाएं देते हुए उनके सुखद भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना की। इस अवसर पर जिला लोक संपर्क अधिकारी कार्यालय चंबा में उनके सम्मान में विदाई समारोह आयोजित किया गया।
सहायक लोक संपर्क अधिकारी राकेश कुमार ने सेवादार के रूप में उनके दीर्घ सेवाकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी सेवाओं के दौरान सदैव कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी और लगन का परिचय दिया। उन्होंने अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा के साथ करते हुए विभाग की कार्यप्रणाली को सशक्त बनाने में उल्लेखनीय योगदान दिया।
प्रकाश चंद ने सूचना एवं जनसंपर्क विभाग में वर्ष 1989 से अपनी सेवाएं आरंभ की थीं। जिले में उनकी उत्कृष्ट विभागीय सेवाओं एवं महत्वपूर्ण योगदान के लिए उन्हें कई अवसरों पर जिला स्तरीय समारोहों के दौरान सम्मानित किया गया और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए गए।
इस अवसर पर कार्यालय के अधिकारियों-कर्मचारियों में सुरेश ठाकुर, जमीत सिंह, रजत डोगरा, उत्तम सिंह, अंकुश शर्मा, दिनेश कुमार ने भी प्रकाश चंद को शुभकामनाएं दीं। इस दौरान प्रकाश चंद की धर्मपत्नी अनीता देवी, बड़े भाई सीआर कपूर उनकी पत्नी डरपो देवी, बहन ब्रिकमा देवी, महेंद्र कपूर, बेटा लोकेंद्र, बेटी मधु और अंकिता उपस्थित रहे।
