नाहन : हिमाचल प्रदेश के जिला सिरमौर की बनकला पंचायत में शनिवार को बड़ा राजनीतिक घटनाक्रम सामने आया, जहां 23 परिवारों ने कांग्रेस का हाथ थामकर भाजपा को करारा झटका दिया है। नाहन के विधायक अजय सोलंकी ने नए सदस्यों का फूल-मालाएं पहनाकर पार्टी में स्वागत किया।
कांग्रेस में शामिल हुए परिवारों का स्वागत करते हुए विधायक अजय सोलंकी ने कहा कि कोई भी व्यक्ति तब ही अपनी राजनीतिक राह बदलता है, जब उसे किसी संगठन में आत्मसम्मान की कमी महसूस होती है। उन्होंने कहा कि सम्मान हर व्यक्ति की सबसे बड़ी पूंजी है और जहां उसे सम्मान नहीं मिलता, वहां निराशा ही हाथ लगती है।
सोलंकी ने कहा कि वह खुद को कभी नेता नहीं मानते, बल्कि हमेशा एक साधारण कार्यकर्ता की तरह लोगों के बीच रहते हैं और आगे भी यही रिश्ता कायम रहेगा। उन्होंने पार्टी में शामिल हुए लोगों को भरोसा दिलाया कि कांग्रेस में उन्हें पूरा मान-सम्मान मिलेगा और पार्टी हर परिस्थिति में उनके साथ खड़ी रहेगी।
विधायक ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि लोगों के सुख-दुख में भागीदारी ही जनप्रतिनिधि की असली पहचान होती है। पंचायत चुनावों का जिक्र करते हुए विधायक ने कहा कि यह भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का चुनाव होता है, लेकिन इस बार जिस तरह धनबल के इस्तेमाल और शराब व अन्य प्रकार के नशे बांटने जैसी बातें सामने आई हैं, इससे वह व्यथित हुए हैं।
उन्होंने किसी का नाम लिए बिना विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा कि इस बार राजनीतिक स्वार्थ के लिए कई तरह के हथकंडे अपनाए गए हैं और चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद वह इसका खुलासा भी करेंगे।
इस दौरान कांग्रेस में शामिल हुईं शुभाली ने भी भाजपा पर उपेक्षा का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि उनका परिवार लंबे समय तक भाजपा की विचारधारा से जुड़ा रहा, लेकिन कभी उन्हें वह सम्मान नहीं मिला जिसकी अपेक्षा थी। उन्होंने कहा कि इसी बात से आहत होकर क्षेत्र के कई परिवारों ने भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल होने का फैसला लिया। शुभाली ने विधायक अजय सोलंकी की सादगी की सराहना करते हुए कहा कि वह ऐसे जनप्रतिनिधि हैं जो जमीन से जुड़े हुए हैं और हर वर्ग को साथ लेकर चलने का प्रयास करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान शंभुवाला निवासी एवं पूर्व प्रधान फकीर चंद, शशिबाला, खेमपाल, वंशिका, दिव्यांश, मीना देवी, शुभाली, बनकला के जयचंद, ताराचंद, नरेश कुमार, सुरेश कुमार, उपरला शंभुवाला के मोहन लाल, राधा देवी, जगदीश चंद, प्रेम देवी, सरिता देवी, खेमलता, पारूल, देवराज, राहुल तथा कून गांव की सुदेश देवी, सिमरन और शिवम ने भाजपा छोड़ कांग्रेस के प्रति अपनी आस्था जताई। इस मौके पर नाहन शहर कांग्रेस अध्यक्ष कपिल गर्ग उर्फ मोंटी, कांग्रेस नेता उपेंद्र तोमर, राजेश शर्मा, डॉ. नवीन, संजू भाटिया, अमन, महिपत सोलंकी और अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता भी मौजूद रहे।
