राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ ब्लॉक की ग्राम पंचायत कोठिया जाजर और टिक्कर पंचायत में हुए पंचायत समिति सदस्य चुनाव में इस बार मुकाबला बेहद दिलचस्प और त्रिकोणीय रहा। तीन उम्मीदवारों के बीच कड़ी टक्कर मानी जा रही थी, लेकिन चुनाव परिणामों ने सभी अटकलों को पीछे छोड़ दिया। वार्ड संख्या 10 (टिक्कर) से चुनाव मैदान में उतरे भूपेंद्र सिंह ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
चुनाव परिणामों के अनुसार भूपेंद्र सिंह को कुल 1112 मत प्राप्त हुए, जबकि उनके निकटतम प्रतिद्वंदी कपिल देव को 495 वोट मिले। इस प्रकार भूपेंद्र सिंह ने 617 मतों के बड़े अंतर से ऐतिहासिक जीत हासिल कर क्षेत्र में अपनी मजबूत पकड़ साबित कर दी। इस जीत के बाद समर्थकों में भारी उत्साह देखने को मिला और पंचायत क्षेत्र में जश्न का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि भूपेंद्र सिंह की जीत का मुख्य कारण उनका सरल स्वभाव, कुशल व्यवहार और लोगों के साथ वर्षों से बना आपसी तालमेल रहा। चुनाव प्रचार के दौरान भी उन्होंने हर वर्ग के लोगों से सीधे जुड़कर क्षेत्र की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया, जिसका लाभ उन्हें मतदान में स्पष्ट रूप से मिला। ग्रामीणों ने उन्हें भारी समर्थन देकर यह संदेश दिया कि वे विकास और भरोसे की राजनीति को आगे बढ़ाना चाहते हैं।
बता दें कि भूपेंद्र सिंह इससे पहले लोक निर्माण विभाग (PWD) में लंबे समय तक अपनी सेवाएं दे चुके हैं। सरकारी सेवा के दौरान भी उनकी कार्यशैली और लोगों के प्रति सहयोगात्मक रवैये की क्षेत्र में अच्छी पहचान रही। सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और पहली ही बड़ी राजनीतिक परीक्षा में शानदार जीत दर्ज कर अपनी मजबूत शुरुआत कर दी।
चुनाव परिणाम आने के बाद समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों और मिठाइयों के साथ खुशी मनाई। क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि भूपेंद्र सिंह आने वाले समय में पंचायत क्षेत्र के विकास, सड़क, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देकर जनता की उम्मीदों पर खरा उतरेंगे।
