शिमला : हिमाचल प्रदेश सरकार ने अधिकारियों और कर्मचारियों के तबादलों पर लगी रोक को अगले आदेशों तक जारी रखने का फैसला किया है। कार्मिक विभाग ने इस संबंध में सभी प्रशासनिक सचिवों, विभागाध्यक्षों, मंडलायुक्तों, उपायुक्तों, विश्वविद्यालयों, स्वायत्त निकायों और बोर्ड-निगमों के प्रबंध निदेशकों को निर्देश जारी कर दिए हैं।
जारी आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि 6 अप्रैल 2026 से लागू तबादला प्रतिबंध फिलहाल प्रभावी रहेगा और सरकार की ओर से नए निर्देश जारी होने तक किसी भी अधिकारी या कर्मचारी का तबादला नहीं किया जाएगा।
कार्मिक विभाग ने कहा है कि यदि किसी विशेष परिस्थिति में तबादला आवश्यक हो तो उसके लिए सक्षम प्राधिकारी की पूर्व एवं विशेष स्वीकृति लेना अनिवार्य होगा। ऐसे मामलों में व्यापक मार्गदर्शक सिद्धांत-2013 और समय-समय पर किए गए संशोधनों के प्रावधानों के अनुसार ही कार्रवाई की जाएगी।
विभाग ने सभी संबंधित कार्यालयों को आदेशों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने और इन्हें तत्काल अधीनस्थ कार्यालयों तक पहुंचाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही चेतावनी दी गई है कि निर्देशों की अवहेलना को गंभीरता से लिया जाएगा।
