राजगढ़ : जिला सिरमौर की राजगढ़ पंचायत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के लिए प्रस्तावित चुनाव शुक्रवार को कोरम पूरा न होने के कारण स्थगित कर दिया गया। सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि निर्धारित समय पर पंचायत समिति के 15 निर्वाचित सदस्यों में से एक भी सदस्य चुनाव प्रक्रिया में भाग लेने के लिए विकास खंड कार्यालय नहीं पहुंचा।
जानकारी के अनुसार पंचायत समिति राजगढ़ में कुल 15 वार्ड हैं। अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए कम से कम 10 निर्वाचित सदस्यों की उपस्थिति आवश्यक थी, लेकिन कोई भी सदस्य उपस्थित नहीं हुआ, जिसके चलते चुनाव प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ सकी।
सूत्रों के अनुसार पंचायत समिति में भाजपा और कांग्रेस के 7-7 सदस्य निर्वाचित हुए हैं, जबकि एक सदस्य निर्दलीय है। बहुमत के लिए 8 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता है। ऐसे में दोनों प्रमुख दल निर्दलीय सदस्य के समर्थन को अपने पक्ष में करने के लिए रणनीति बनाने में जुटे हुए हैं।
राजनीतिक समीकरणों के बीच दोनों दलों के सदस्य चुनाव स्थल से दूर रहे। विकास खंड कार्यालय में चुनाव को लेकर सभी प्रशासनिक तैयारियां पूरी कर ली गई थीं, लेकिन जनप्रतिनिधियों की अनुपस्थिति के कारण चुनाव टालना पड़ा।
एसडीएम राजगढ़ राजकुमार ठाकुर ने बताया कि पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव के लिए आज की तिथि निर्धारित थी, लेकिन निर्धारित समय तक कोई भी निर्वाचित सदस्य उपस्थित नहीं हुआ। इस कारण चुनाव प्रक्रिया को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि चुनाव की अगली तिथि शीघ्र घोषित की जाएगी।
अब पंचायत समिति अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद को लेकर सभी की नजरें अगली चुनाव तिथि पर टिकी हैं, जहां निर्दलीय सदस्य की भूमिका और राजनीतिक समीकरणों पर विशेष नजर रहेगी।
ये भी पढ़ें : 15 जून की डेडलाइन से पहले पूरा करें स्वयं-गणना, DC ने अधिकारी -कर्मचारियों को दिए निर्देश
ये भी पढ़ें : सिरमौर: गृह रक्षक स्वयं सेवकों की भर्ती का बड़ा अपडेट, बदली भर्ती की तारीखें, नया शेड्यूल जारी
