नाहन : नीट परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर कांग्रेस ने केंद्र सरकार पर बड़ा हमला बोला है। जिला कांग्रेस भवन नाहन में मंगलवार को आयोजित संयुक्त पत्रकार वार्ता में कांग्रेस नेताओं ने इसे देश की परीक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़ा करने वाला मामला बताते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की और चेतावनी दी कि यदि मामले पर पर्दा डालने का प्रयास हुआ तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगी।
पत्रकार वार्ता को जिला कांग्रेस अध्यक्ष आनंद परमार, नाहन विधायक अजय सोलंकी और जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी ने संबोधित किया। आनंद परमार ने कहा कि नीट पेपर लीक कोई सामान्य प्रशासनिक चूक नहीं, बल्कि देश की परीक्षा प्रणाली पर लगा गंभीर दाग है। उन्होंने आरोप लगाया कि लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों की वर्षों की मेहनत पर पानी फेर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब युवाओं को मेहनत के बजाय पेपर माफिया और भ्रष्ट तंत्र का डर सताने लगे तो यह किसी भी लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।
जिला कांग्रेस प्रभारी धर्मेंद्र धामी ने कहा कि यह मुद्दा राजनीति से ऊपर उठकर देश के विद्यार्थियों के भविष्य से जुड़ा है। उन्होंने कहा कि बार-बार पेपर लीक और भर्ती घोटालों की घटनाएं युवाओं का मनोबल तोड़ रही हैं। यदि प्रतिभा से अधिक जुगाड़ और भ्रष्टाचार की चर्चा होने लगे तो शिक्षा व्यवस्था की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े होना स्वाभाविक है।
विधायक अजय सोलंकी ने आरोप लगाया कि भाजपा शासनकाल में लगातार भर्ती और परीक्षा घोटाले सामने आते रहे हैं, जिससे नीट जैसी प्रतिष्ठित परीक्षा पर विद्यार्थियों का भरोसा डगमगा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या यह केवल लापरवाही है या इसके पीछे कोई सुनियोजित नेटवर्क काम कर रहा है। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर वास्तविक दोषियों को देश के सामने लाने की मांग की।
अजय सोलंकी ने कहा कि नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को तत्काल इस्तीफा देना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि केंद्र सरकार इस महाघोटाले पर पर्दा डालने का प्रयास करती है तो कांग्रेस सड़कों पर उतरकर धरना-प्रदर्शन करेगी। उन्होंने हमीरपुर चयन आयोग भर्ती घोटाले का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मामलों में जवाबदेही तय होना बेहद जरूरी है। उनका कहना था कि देश का युवा अब जवाब मांग रहा है और कांग्रेस उसकी आवाज बनकर संघर्ष जारी रखेगी।