होमHimachalशिक्षकों के बिना कैसे पढ़ेंगे बच्चे? स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि जदोल टपरोली...

शिक्षकों के बिना कैसे पढ़ेंगे बच्चे? स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि जदोल टपरोली के स्कूलों में शिक्षकों का भारी टोटा, लोगों में रोष

राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत जदोल टपरोली के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों और कार्यालयी कर्मचारियों के बड़ी संख्या में रिक्त पदों को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता जताई है।

राजगढ़ : जिला सिरमौर के राजगढ़ उपमंडल की ग्राम पंचायत जदोल टपरोली के सरकारी विद्यालयों में शिक्षकों और कार्यालयी कर्मचारियों के बड़ी संख्या में रिक्त पदों को लेकर पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने गहरी चिंता जताई है। पंचायत प्रधान उमा ठाकुर सहित जनप्रतिनिधियों ने विद्यालयों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और प्रदेश सरकार से सभी रिक्त पदों को जल्द भरने की मांग की।

पंचायत प्रधान उमा ठाकुर ने बताया कि राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जदोल टपरोली में प्रधानाचार्य का पद लंबे समय से रिक्त है। कॉमर्स संकाय के दो स्वीकृत पदों में से केवल एक प्रवक्ता कार्यरत है, जबकि करीब 15 विद्यार्थी कॉमर्स की पढ़ाई कर रहे हैं। अर्थशास्त्र प्रवक्ता का पद भी खाली है, जिसके चलते राजनीतिक विज्ञान की अध्यापिका अतिरिक्त जिम्मेदारी निभा रही हैं। इसके अलावा गणित का एक पद और टीजीटी आर्ट्स के चार स्वीकृत पदों में से दो पद रिक्त हैं। हालांकि वर्ष 2012 से रिक्त चला आ रहा टीजीटी मेडिकल का पद हाल ही में भर दिया गया है।

ये भी पढ़ें:  नाहन: बरसात से पहले दुरुस्त होगी गिरि पेयजल योजना, जलशक्ति विभाग लेगा 10 दिन का शटडाउन, जानें पूरा प्लान

उन्होंने बताया कि विज्ञान संकाय के विद्यार्थियों को समायोजन के आधार पर पढ़ाई करनी पड़ रही है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। डीपीई का पद भी पिछले तीन वर्षों से खाली है। वहीं अधीक्षक, सहायक अधीक्षक, क्लर्क और जूनियर ऑफिस असिस्टेंट सहित सभी कार्यालयी पद रिक्त होने के कारण शिक्षकों को शिक्षण कार्य के साथ प्रशासनिक जिम्मेदारियां भी संभालनी पड़ रही हैं।

समाजसेवी रमेश ठाकुर ने कहा कि जदोल टपरोली क्षेत्र स्वतंत्रता सेनानियों की भूमि के रूप में जाना जाता है, लेकिन यहां के विद्यार्थियों को पर्याप्त शिक्षक उपलब्ध नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्राथमिक और वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में मिलाकर करीब 250 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। कई विद्यालयों में स्कूल प्रबंधन समितियों को अपने स्तर पर शिक्षकों की व्यवस्था कर उनका मानदेय तक वहन करना पड़ रहा है, जबकि यह सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने मुख्यमंत्री और शिक्षा मंत्री से प्राथमिकता के आधार पर सभी रिक्त पद भरने की मांग की।

ये भी पढ़ें:  बरमाणा वाटर स्पोर्ट्स सेंटर की इन बेटियों ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया मान, भोपाल में नेशनल रोइंग चैंपियनशिप में चमका हिमाचल

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जदोल टपरोली की कार्यकारी प्रधानाचार्य किरण कुमारी ने बताया कि विद्यालय में 115 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। प्रधानाचार्य का पद लंबे समय से रिक्त है और उपलब्ध शिक्षक अतिरिक्त विषयों के साथ प्रशासनिक कार्य भी संभाल रहे हैं। उन्होंने कहा कि सीमित स्टाफ के बावजूद शिक्षक पूरी निष्ठा से कार्य कर रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक कम कर्मचारियों के भरोसे व्यवस्था चलाना संभव नहीं है।

राजकीय प्राथमिक विद्यालय के सीएचटी राजकुमार शर्मा ने बताया कि उनके विद्यालय में प्री-प्राइमरी से पांचवीं कक्षा तक 49 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। उन्होंने कहा कि उनके विद्यालय के अलावा क्लस्टर के अंतर्गत ठंडीधार और कलोग विद्यालय भी एकल शिक्षक के सहारे संचालित हो रहे हैं, जिससे गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना बड़ी चुनौती बना हुआ है। उन्होंने भी रिक्त पदों को शीघ्र भरने की आवश्यकता जताई।

ये भी पढ़ें:  सांप के काटने से मजदूर की मौत के बाद मोगीनंद में बवाल, मुआवजे की मांग पर फैक्ट्री गेट पर प्रदर्शन; SDM ने कराया समझौता
Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Deskhttps://aapkibaatnews.com
आपकी बात न्यूज डेस्क देश, प्रदेश और स्थानीय स्तर की हर महत्वपूर्ण खबर को तेज, विश्वसनीय और तथ्यात्मक तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए समर्पित है। राजनीति, समाज, प्रशासन, शिक्षा, अपराध, मनोरंजन और जनसरोकार से जुड़े हर मुद्दे पर सटीक जानकारी और प्रभावशाली प्रस्तुति हमारी प्राथमिकता है, ताकि पाठकों को हर बड़ी अपडेट एक ही मंच पर मिल सके।

Latest Articles

Explore More