शिमला/हमीरपुर : हिमाचल प्रदेश के जिला हमीरपुर की भोरंज तहसील के रहने वाले समर्थ अत्री का चयन एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए हुआ है। 17 से 20 अगस्त तक देहरादून में आयोजित होने वाली इस अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता से पहले समर्थ अत्री ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से मुलाकात कर उनका आशीर्वाद लिया।
मुख्यमंत्री ने समर्थ अत्री को प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि प्रदेश सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने और खेल अधोसंरचना को मजबूत बनाने के लिए लगातार कार्य कर रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकें।
उन्होंने कहा कि समर्थ अत्री ने अपनी प्रतिभा और कड़ी मेहनत के दम पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्थान बनाकर हिमाचल का गौरव बढ़ाया है। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि वह एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन कर भारत और हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
समर्थ अत्री शिमला के ऑकलैंड हाउस स्कूल में दसवीं कक्षा के छात्र हैं। वह पिछले छह-सात वर्षों से शिमला स्थित आइस स्केटिंग रिंक में नियमित अभ्यास कर रहे हैं। हाल ही में उनका चयन 21वीं राष्ट्रीय शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग चैंपियनशिप के लिए हुआ था। प्रतियोगिता के बाद आयोजित राष्ट्रीय प्रशिक्षण शिविर में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर अब उन्हें एशियन शॉर्ट ट्रैक आइस स्केटिंग ट्रॉफी-2026 के लिए चुना गया है।