HomeHimachalSirmaurकालाअंब इंडस्ट्री एरिया को लेकर उद्योगपतियों ने बजाया खतरे का अलार्म, DC...

कालाअंब इंडस्ट्री एरिया को लेकर उद्योगपतियों ने बजाया खतरे का अलार्म, DC सिरमौर के सामने उठाए ये दो बड़े मुद्दे

औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद व्यवस्थाओं को लेकर उद्योगपतियों में चिंता और निराशा का माहौल है।

नाहन/कालाअंब : जिला सिरमौर के प्रमुख औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में हाल ही में हुए भीषण अग्निकांड के बाद व्यवस्थाओं को लेकर उद्योगपतियों में चिंता और निराशा का माहौल है। उद्योगपतियों ने साफ कहा कि अगर समय रहते व्यवस्थाएं नहीं सुधरीं तो भविष्य में किसी भी बड़े हादसे से निपटना मुश्किल हो जाएगा।

इस सिलसिले में गुरूवार को लघु उद्योग भारती के अध्यक्ष अखिल महेश्वरी की अगुवाई में उद्यमियों के प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा को दो अलग-अलग ज्ञापन सौंपे। पहले ज्ञापन में हाल ही में कालाअंब में हुए भीषण अग्निकांड का हवाला देते हुए हाई कैपेसिटी फायर टेंडर, हाई वॉल्यूम पंप और हाईड्रोलिक लैडर सहित आधुनिक अग्निशमन उपकरण उपलब्ध कराने की मांग की गई। संगठन ने यह भी कहा कि जिला सिरमौर, चंडीगढ़, अंबाला और यमुनानगर के अग्निशमन विभागों के बीच म्यूचुअल एड मैकेनिज्म विकसित किया जाए, ताकि किसी बड़ी आग की स्थिति में आधुनिक संसाधन और विशेषज्ञ टीमें तुरंत मौके पर पहुंच सकें।

ये भी पढ़ें:  सिरमौर में 31 अगस्त तक हिल कटिंग पर रोक, उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने जारी किए आदेश

दूसरे ज्ञापन में उद्योगपतियों ने बारिश के बाद कालाअंब औद्योगिक क्षेत्र की सड़कों की बदहाल स्थिति पर गंभीर चिंता जताई। टोका साहिब गुरुद्वारा मार्ग पर बड़े गड्ढों और सड़क किनारे नाले के कारण दुर्घटना का खतरा बढ़ने की बात कही गई। ईएसआईसी अस्पताल झिड़ीवाला, आसपास के गांवों और कई औद्योगिक इकाइयों को जोड़ने वाली सड़क पर जलभराव से कर्मचारियों, मरीजों और स्थानीय लोगों को रोजाना परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

अखिल महेश्वरी ने ये भी बताया कि सिग्नोरावेयर, एलनोवा फार्मा, वेस्टिन पैकर्स और केके बयानी एंड सन्स की ओर जाने वाले मार्ग पर खुली नालियों की सुरक्षा दीवार कई जगह टूट चुकी है, जिससे विशेषकर रात और बारिश के दौरान हादसों का खतरा बना हुआ है। उद्योगों की ओर जाने वाले रास्तों की हालत बेहद खराब है, जहां वाहन ले जाना ही नहीं पैदल चलना भी चुनौती भरा है। लिहाजा, दिनोंदिन हादसे बढ़ रहे हैं। ऐसे में उद्योगों की सड़कों के सुधार की बेहद और सख्त जरूरत है।

ये भी पढ़ें:  धर्मशाला शहर की पहली सौर ऊर्जा परियोजना जनता को समर्पित, सीएम ने किया उद्घाटन

लघु उद्योग भारती ने उपायुक्त से औद्योगिक क्षेत्र का जल्द निरीक्षण करवाकर सड़कों की मरम्मत, बेहतर जल निकासी, क्षतिग्रस्त नालों और सुरक्षा दीवारों की तत्काल मरम्मत के निर्देश जारी करने का आग्रह किया। उधर, उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने प्रतिनिधिमंडल को दोनों मामलों में नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।

Aapki Baat News Desk
Aapki Baat News Desk
"आपकी बात न्यूज़" एक लोकप्रिय हिंदी समाचार प्लेटफॉर्म है, जो राजनीति, समसामयिक घटनाओं, मनोरंजन, खेल और अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर ताजे अपडेट्स प्रदान करता है।

Latest Articles

Explore More