पांवटा साहिब : नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के पुलिस ने पांवटा साहिब में एक युवक को प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ धर दबोचा। आरोपी के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार पांवटा साहिब पुलिस के डिटेक्शन सेल की टीम गश्त पर थी। इस दौरान चुंगी नंबर-6 के समीप होटल रॉक स्टार के पास एक संदिग्ध सफेद ऑल्टो K10 कार को जांच के लिए रुकने का इशारा किया, लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय मौके से भागने का प्रयास किया। इस पर पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए कार को रोक लिया।
एसपी सिरमौर एनएस नेगी ने बताया कि तलाशी के दौरान युवक के कब्जे से 176 स्पास्मो कैप्सूल बरामद किए गए। आरोपी की पहचान चालक चरणजीत निवासी हरिपुर टोहाणा के तौर पर हुई है। पुलिस ने पुलिस थाना पांवटा साहिब में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
उन्होंने बताया कि मामले की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि बरामद नशीले कैप्सूल कहां से लाए गए थे और इन्हें किसे सप्लाई किया जाना था।
