नाहन : रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की ओर से रविवार को कालीस्थान तालाब के समीप निर्मल हेल्थ सर्विसेज में निःशुल्क नेत्र जांच एवं श्रवण (कानों की सुनाई) जांच शिविर आयोजित किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। इस दौरान विशेषज्ञों द्वारा आंखों और कानों की मुफ्त जांच की गई तथा जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां भी वितरित की गईं।
शिविर का शुभारंभ उपायुक्त सिरमौर प्रियंका वर्मा ने किया। उन्होंने रोटरी क्लब की समाजसेवा से जुड़ी पहल की सराहना करते हुए ऐसे आयोजनों को जनहित में महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स की अध्यक्ष प्रगति सबलोक, डॉ. सबलोक, एस.के. अत्री (एडवोकेट), विकास रतन, अमित अत्री, कुलदीप सिंह, अशरफ अली, पार्षद पूजा तोमर, विशाल तोमर सहित इनर व्हील क्लब एवं रोटरी क्लब के पदाधिकारी और सदस्य मौजूद रहे।
क्लब पदाधिकारियों ने बताया कि भविष्य में भी इस प्रकार के निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब नाहन सिरमौर हिल्स समाजसेवा के कार्यों में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाता रहेगा।
