सोलन : हिमाचल प्रदेश के जिला सोलन में SIU टीम ने चंबाघाट के समीप एक होटल में दबिश देकर चिट्टे की खेप बरामद की है। पुलिस ने मामले में पंजाब के दंपति समेत 3 लोगों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों के खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार SIU टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि चंबाघाट के समीप स्थित एक होटल के कमरा नंबर 303 में कुछ लोग नशीले पदार्थ के साथ ठहरे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने होटल में दबिश दी और कमरे में मौजूद तीन लोगों के कब्जे से 41.08 ग्राम चिट्टा/हेरोइन बरामद किया।
एसपी सोलन टी एसडी वर्मा ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान तुषार तरीखा (35) पुत्र दिनेश कुमार निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब), युवराज सिंह (25) पुत्र हरभजन सिंह निवासी न्यू जनता नगर, जिला लुधियाना (पंजाब) और संदीप कौर उर्फ नेहा (35) पत्नी तुषार तरीखा निवासी अबोहर, जिला फाजिल्का (पंजाब) के रूप में हुई है।
पुलिस ने तीनों आरोपियों को नियमानुसार गिरफ्तार कर उनके खिलाफ पुलिस थाना सदर सोलन में ND&PS Act के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है।
एसपी ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पूर्व आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। मामले में आगामी अन्वेषण जारी है।
